मुंबई. दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन से रिक्त हुई बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस ने अधिवक्ता आकाश मोरे को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। मोरे धनगर समाज से ताल्लुक रखते हैं और बारामती में इस समाज के मतदाताओं की संख्या उल्लेखनीय है, जो चुनावी गणित को प्रभावित कर सकती है।
विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (मविआ) में बारामती सीट शरद पवार के राकां के हिस्से में आई है. लेकिन शरद पवार की एनसीपी ने सुनेत्रा के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा नहीं करने का निर्णय लिया है। ऐसे में कांग्रेस ने पहले ही कह दिया था कि यदि एनसीपी शरद पवार उम्मीदवार नहीं उतारेगी तो कांग्रेस अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी. दूसरी तरफ सुनेत्रा पवार ने उद्धव ठाकरे से समर्थन मांगा था. जवाब में शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने स्पष्ट किया कि बारामती की सीट शरद पवार के पक्ष की है, इसलिए अंतिम निर्णय उन्हीं का होगा. उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने चुनाव बिनविरोध कराने की कोशिश में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को भी फोन किया, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। कांग्रेस अपनी भूमिका पर अडिग है और दावा किया जा रहा है कि सपकाल को दिल्ली नेतृत्व की मंजूरी भी मिल चुकी है।
कांग्रेस में थे 6 इच्छुक उम्मीदवार
बताया जा रहा है कि जिला कांग्रेस ने छह उम्मीदवारों, आकाश मोरे, वैभव बुरगुले, रोहित बनकर, डॉ. अर्चना पाटिल, विजय भिसे और तुषार ओहाल ने सुनेत्रा के खिलाफ बारामती से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी. इसी आधार पर कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने उनके नाम प्रदेश हाईकमांड को भेजे थे, जिनमें से मोरे का चयन किया गया।
तटकरे बोले, हम राहुल से करेंगे मुलाकात
राकांपा (अजीत पवार गुट) के नेता सुनील तटकरे ने कहा कि वे बारामती उपचुनाव को बिनविरोध कराने के उद्देश्य से कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। हालांकि महाराष्ट्र एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के इस सीट पर न लड़ने की स्थिति में कांग्रेस की उम्मीदवारी तय मानी जा रही है।
सुनेत्रा के खिलाफ 20 से ज्यादा उम्मीदवार
बारामती से अब तक 19 से अधिक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं, जिनमें अधिकांश निर्दलीय हैं. ओबीसी आंदोलनकारी लक्ष्मण हाके भी उम्मीदवारी दाखिल करने की तैयारी में हैं। आकाश मोरे और हाके के उम्मीदवारी दाखिल करने के बाद सुनेत्रा के खिलाफ 20 से ज्यादा उम्मीदवार हो जाएंगे। खुद सुनेत्रा 6 अप्रैल को राकांपा की आधिकारिक उम्मीदवार के रूप में नामांकन भरेंगी।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
