पालघर: महाराष्ट्र के वसई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दीवानमाण इलाके में एक क्लोरीन सिलिंडर लीक हो गया। इस रिसाव के कारण हवा में जहरीली गैस फैल गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 अन्य लोग बीमार पड़ गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दोपहर के समय वसई पश्चिम के दीवानमाण क्षेत्र में अचानक हवा में हरे रंग की गैस फैल गई। इससे इलाके के लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
कई लोगों ने मतली, उल्टी और आंखों में जलन की शिकायत की, जबकि कुछ को सांस फूलने की समस्या भी महसूस हुई।
अफरा-तफरी का माहौल
शुरुआत में लोग समझ नहीं पाए कि उन्हें अचानक यह तकलीफ क्यों हो रही है, लेकिन जब उन्हें गैस रिसाव के बारे में पता चला तो उन्होंने उस क्षेत्र से बाहर निकलना शुरू कर दिया। हालांकि, तब तक इस जहरीली गैस के कारण एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। इसके अलावा, ग्यारह अन्य लोगों को अत्यधिक परेशानी होने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बचाव कार्य शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
कर्मचारियों ने इस जहरीली गैस को नियंत्रण में लाने के प्रयास शुरू कर दिए। सुरक्षा के मद्देनजर, गैस पर नियंत्रण होने तक नागरिकों को परिसर से बाहर ही रोका गया था।
वसई में क्लोरीन गैस रिसाव से एक की मौत : 11 अस्पताल में भर्ती
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad