Hindi News / Crime / Featured

चलती लोकल ट्रेन में खूनी संघर्ष : रंजिश में युवक को चाकू से गोदा

Article Top Ad

नवी मुंबई: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। सीएसएमटी-पनवेल लोकल ट्रेन में वाशी स्टेशन के पास एक 24 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। पीड़ित की पहचान सिराज अब्दुल्ला शेख के रूप में हुई है, जो घनसोली में एक कॉल सेंटर में काम करता है। सिराज अपने दोस्त मुबारक खान के साथ मानखुर्द से ट्रेन में चढ़ा था। जैसे ही ट्रेन वाशी स्टेशन के पास पहुंची, उसी डिब्बे में सवार 25 आरोपी राजेश राजगाम अरुणविहारी ने अचानक सिराज पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
आरोपी ने सिराज के गले, छाती, पीठ और कमर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। छीनाझपटी के दौरान चाकू डिब्बे में ही गिर गया। जैसे ही ट्रेन वाशी स्टेशन पर रुकी, आरोपी कूदकर भागने में सफल रहा। सिराज को सानपाड़ा स्टेशन पर उतारा गया, जहाँ से उसे मुंबई के जेजे अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
झगड़े में बीच बचाव से नाराज
वाशी जीआरपी की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमला आपसी रंजिश के कारण हुआ। आरोपी राजेश अपने इलाके में झगड़ालू किस्म का व्यक्ति है। कुछ समय पहले उसका एक महिला से विवाद हुआ था, जिसमें सिराज के भाई ने बीच-बचाव किया था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते राजेश ने सिराज पर जानलेवा हमला किया।

“हमने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी मानखुर्द का रहने वाला है और फिलहाल फरार है। उसे पकड़ने के लिए तलाश जारी है।”
-किरण उन्द्रे, सीनियर इंस्पेक्टर, वाशी जीआरपी

Article Inline Ad
Article Bottom Ad