Hindi News / Business / Featured

आसमान में खराब हुआ ‘उड़न खटोले’ का गियर : हलख में अटकी 220 यात्रियों कीे सांसें

Article Top Ad

मुंबई: अहमदाबाद और बारामती में हुए विमान हादसों के बाद देश में उड़न खटोलों (हवाई जहाजों) में सफर की सोच कर लोग घबराने लगें हैं। लोगों के डर को बढ़ाने वाली एक और खबर मुंबई से सामने आई है, जहां हवा में विमान का गियर खराब होने से 220 यात्रियों की जान संकट में पड़ गई थी। रोंगटे खड़ी करने वाली इस घटना में विमान के यात्रियों की सांसें हलख में अटक गई थीं
मिली जानकारी के अनुसार, देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो की एक फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिससे विमान में सवार करीब 220 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। शुक्रवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई और यात्रियों में हड़कंप मच गया था।
लैंडिंग के वक्त आई तकनीकी समस्या
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E 2157 के साथ हुई। यह विमान एयरबस A321 नियो था। लैंडिंग के अहम चरण में विमान के लैंडिंग गियर लीवर में खराबी आ गई। ऑटोमैटिक सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मैन्युअल मोड से कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
तकनीकी खराबी के बाद पायलटों ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए मैन्युअल मोड का इस्तेमाल किया। पायलटों की कुशलता के चलते विमान के पहिए सुरक्षित रूप से खुले और मुंबई एयरपोर्ट पर सफल व सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
जांच के बाद विमान ने फिर भरी उड़ान
लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच की और खराबी को दूर किया। सूत्रों के अनुसार, मरम्मत के बाद उसी विमान ने दिन में अन्य निर्धारित उड़ानें भी पूरी कीं। हालांकि, इस पूरे मामले पर इंडिगो की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हाल की घटनाओं से बढ़ी विमान सुरक्षा पर चिंता
गौरतलब है कि सिर्फ चार दिन पहले, 2 फरवरी को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-132 को टेकऑफ से ठीक पहले रोक दिया गया था। उस विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी सामने आई थी, जिसके चलते यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ान रद्द कर दी गई थी।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी खामियां
पिछले साल अहमदाबाद में क्रैश हुए एयर इंडिया के विमान में भी फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी पाए जाने की बात सामने आई थी। लगातार सामने आ रही इन तकनीकी समस्याओं ने एक बार फिर विमान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad