26.88 लाख का माल बरामद
मुंबई. चलती ट्रेन में यात्रियों का कीमती सामान चुराने वाले गिरोह के खिलाफ मुंबई रेलवे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कल्याण क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने विदर्भ एक्सप्रेस से करीब 32 लाख रुपए के गहने और नकदी से भरा बैग चोरी किया था।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को गाड़ी संख्या 12104 विदर्भ एक्सप्रेस के कोच नंबर S-3 (सीट नं. 32) पर यात्रा करने के दौरान पीड़ित यात्री गहरी नींद में सो गया था। नाशिक रोड स्टेशन पार होने के बाद यात्री की नींद टूटी तो पता चला कि उनका हरे रंग की सैंक बैग चोरी हो गया है। बैग में 32,73,714 रुपए मूल्य के सोने के आभूषण और नकद राशि मौजूद थी। पीड़ित की शिकायत पर सीएसएमटी रेलवे पुलिस स्टेशन में धारा 305 (सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी और तकनीक से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नाशिक से लेकर सीएसएमटी के बीच उन सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जहाँ ट्रेन रुकी थी। जांच के दौरान दादर स्टेशन पर चढ़ते और सीएसएमटी पर उतरते समय एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसके कंधे पर वही हरे रंग का बैग था। एमओबी रिकॉर्ड और मुखबिरों की मदद से संदिग्ध की पहचान जाहिर जमाल शेख (28 वर्ष), निवासी जिला मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।
पश्चिम बंगाल में छापेमारी और गिरफ्तारी
आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि वह अपने पैतृक गांव मालदा में छिपा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कल्याण यूनिट-3 के पुलिस अधिकारियों की एक टीम मालदा पहुंची और जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बरामद की गई संपत्ति का विवरण
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 26,88,014 रुपए का कीमती सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल है:
सोने की ईंटें: 4 अलग-अलग आकार की (वजन 90.690 ग्राम) – कीमत 13,00,135 रुपए
सोने की चूड़ियाँ: 3 नग (कुल वजन 64.700 ग्राम) – कीमत 8,87,952 रुपए
सोने का ब्रेसलेट: (वजन 16.480 ग्राम) – कीमत 2,30,177 रुपए
सोने की चेन (पेंडेंट सहित): (वजन 14.360 ग्राम) – कीमत 2,00,250 रुपए
नकद राशि: 56,500 (500 के नोट) रुपए
स्मार्टफोन: 13,000 रुपए का ओप्पो मोबाइल (चोरी के पैसों से खरीदा गया)
पुलिस की अपील
यह सफल ऑपरेशन लौहमार्ग पुलिस आयुक्त एम. राकेश कलासागर, पुलिस उपायुक्त प्रज्ञा जेडगे और सहायक पुलिस आयुक्त राजेंद्र रानमाले के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय खेडकर, सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक पाटिल और उनकी टीम द्वारा अंजाम दिया गया। पुलिस ने यात्रियों से सफर के दौरान अपने कीमती सामानों का ध्यान रखने की अपील की है।
मालदा का चोर उड़ाता था मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में माल : लाखों की चोरी में रेलवे पुलिस ने दबोचा
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad