मुंबई: अंधेरी पश्चिम स्थित वर्सोवा इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 21 वर्षीय युवती ने जलन के चलते अपनी ही कॉलेज की छात्रा के साथ हैरान करने वाली हरकत कर दी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवती के बॉयफ्रेंड ने पीड़िता के लंबे और सुंदर बालों की तारीफ की थी, जिससे वह नाराज हो गई और उसे अपने रिश्ते पर शक होने लगा।
आधी रात को घर में घुसकर हमला
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की रात करीब 12:30 बजे आरोपी युवती अपनी दो सहेलियों के साथ पीड़िता के घर पहुंची। वहां उन्होंने पहले पीड़िता के साथ अभद्र व्यवहार किया और फिर उसे जबरन घर से बाहर खींच लिया।
कैंची से काटे बाल, बनाया वीडियो
इसके बाद आरोपी ने कैंची से पीड़िता के बाल काट दिए, जबकि उसकी सहेलियां इस पूरी घटना का वीडियो बनाती रहीं। आरोपी ने वीडियो में ‘हेयर हेयर, नो हेयर’ कहकर पीड़िता का अपमान भी किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी दी।
कॉलेज में मशहूर थे पीड़िता के बाल
बताया जा रहा है कि पीड़िता के बाल काफी लंबे और सुंदर थे, जिसकी वजह से कॉलेज में अक्सर उसकी तारीफ होती थी। यही बात आरोपी युवती को खटक रही थी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी छात्रा और उसकी दो सहेलियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(3), 329(4), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच जारी
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बॉयफ्रेंड ने छात्रा के बालों को सराहा : गुस्साई युवती ने सहेलियों की मदद से काट डाला
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad