Hindi News / Crime / Featured

हफ्ताखोरी का विरोध पड़ा भारी : उल्हासनगर में दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या

Article Top Ad

15 से 16 लोगों के गैंग ने किया हमला
उल्हासनगर के कैंप नंबर-5 स्थित कैलाश कॉलोनी इलाके में हफ्ताखोरी और दबंगई का विरोध करना दो सगे भाइयों को भारी पड़ गया। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हथियारों से लैस 15 से 16 लोगों के एक गैंग ने इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में अनिल हरकेश चौहान और अमन हरकेश चौहान की मौत हो गई, जबकि अर्जुन सूरजबली चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
कई लोगों के नाम सामने आए
मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस हमले को बलवीर बिराजदार, शेखर बिराजदार, अजय राव, अजीत शेख, देवेंद्र नाईक, तड़ीपार बदमाश सागर पाटील और उनके साथियों ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चौहान भाइयों पर नजदीक से गोलियां चलाईं, जिससे दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हिललाइन पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल मध्यवर्ती अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने अनिल और अमन चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्जुन चौहान की हालत गंभीर होने के कारण उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हफ्ता-टेम्पो पार्किंग को लेकर हुआ था
जानकारी के अनुसार, करीब 15 दिन पहले हफ्ता नहीं देने पर एक टेम्पो चालक पर हमला किया गया था। इस मामले में हिललाइन पुलिस थाने में पहले से मामला दर्ज है। वहीं टेम्पो पार्किंग को लेकर हुए विवाद में अनिल चौहान ने बलवीर और शेखर बिराजदार के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसी शिकायत से नाराज होकर आरोपियों ने 28 अप्रैल को अपने साथियों के साथ अनिल चौहान के घर पहुंचकर लकड़ी के डंडों से मारपीट की थी। इसके बाद तड़ीपार आरोपी सागर लक्ष्मण पाटील ने किशोर चौहान को फोन कर धमकी भी दी थी। पुलिस अब इसी पुराने विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश
दोहरी हत्या की इस वारदात के बाद हिललाइन पुलिस ने इलाके में जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में कई जगह छापेमारी की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर उल्हासनगर में कानून-व्यवस्था और हफ्ताखोरी के बढ़ते आतंक को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad