Hindi News / Crime / Featured

गरीब नगर तोड़क कार्रवाई को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास : मुंबई पुलिस ने लिया सख्त एक्शन

Article Top Ad

मुंबई : बांद्रा पूर्व स्थित गरीब नगर में हाई कोर्ट के आदेश पर रेल प्रशासन द्वारा की जा रही तोड़क कार्रवाई शनिवार को पांचवें दिन पूरी हो गई। लेकिन इस दौरान कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रम फैलाने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। ऐसा करनेवाले शरारती तत्व के खिलाफ मुंबई पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।

पश्चिम विभाग की साइबर पुलिस स्टेशन, क्राइम ब्रांच, बांद्रा यूनिट ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भ्रामक और तथ्यहीन पोस्ट साझा करने वाले उपयोगकर्ता तथा संबंधित वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य समाज में तनाव और भय का माहौल बनाना था।
दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश
साइबर पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को यह मामला सामने आया कि गरीब नगर में हुई निष्कासन कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट वायरल की गई, जिसमें कथित तौर पर गलत और आधारहीन जानकारी दी गई थी। पुलिस का आरोप है कि इलेक्ट्रॉनिक माध्यम का इस्तेमाल कर सार्वजनिक शांति भंग करने, लोगों में डर पैदा करने और दो समुदायों के बीच जानबूझकर वैमनस्यता बढ़ाने का प्रयास किया गया। मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस तरह की सामग्री सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की मंशा से प्रसारित की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील
मुंबई पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी प्रकार की झूठी, अपुष्ट या भ्रामक जानकारी फैलाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी पोस्ट, वीडियो या संदेश को शेयर अथवा फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें। साथ ही ऐसी सामग्री प्रसारित करने से बचें जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या सामाजिक तनाव पैदा होने की आशंका हो।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad