Hindi News / Crime / Featured

PIT-NDPS के तहत ड्रग तस्कर पर बड़ी कार्रवाई : एक वर्ष के लिए नासिक रोड जेल भेजा गया

Article Top Ad

बार-बार ड्रग तस्करी में शामिल आरोपी पर सख्त कार्रवाई
मुंबई : मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात आरोपी तमीजुल हैदर मजहरुल हैदर रिजवी उर्फ मिसाम (43) को पीट-एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक वर्ष के लिए नजरबंद कर नासिक रोड केंद्रीय कारागार भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस कानून के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह जमानत पर रिहा होने के बाद भी लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय पाया गया था।
सात एनडीपीएस मामलों का आरोपी
एंटी नारकोटिक्स सेल की कांदिवली यूनिट द्वारा दर्ज अपराध क्रमांक 08/2026 की जांच के दौरान यह सामने आया कि मांलाड निवासी तमीजुल हैदर रिजवी ड्रग्स तस्करी के संगठित नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत कुल सात मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2020 से लेकर 2026 तक मलवणी पुलिस थाने और एंटी नारकोटिक्स सेल में दर्ज कई अपराध शामिल हैं।
जमानत पर छूटने के बाद फिर शुरू कर दी थी तस्करी
पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी के विरुद्ध दर्ज मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके थे और मामले न्यायालय में लंबित थे। इसके बावजूद जमानत मिलने के बाद उसने दोबारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी। आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई।
गृह विभाग की मंजूरी के बाद जारी हुआ नजरबंदी आदेश
मुंबई पुलिस आयुक्त की ओर से महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग को पीट-एनडीपीएस अधिनियम, 1988 के तहत आरोपी के विरुद्ध नजरबंदी का प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव पर विचार के बाद गृह विभाग ने कार्रवाई को मंजूरी दी। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर 2 जून 2026 को एक वर्ष की नजरबंदी के आदेश के तहत नासिक रोड केंद्रीय कारागार में भेज दिया गया।
वर्ष 2026 में पीट-एनडीपीएस के तहत दसवीं कार्रवाई
एंटी नारकोटिक्स सेल के अनुसार वर्ष 2026 में पीट-एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत यह दसवीं नजरबंदी कार्रवाई है। इस वर्ष अब तक जमानत पर छूटने के बाद पुनः अपराध करने वाले नौ अन्य ड्रग तस्करों को भी इसी कानून के तहत नजरबंद किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और संगठित ड्रग नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऐसी कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय तथा एंटी नारकोटिक्स सेल के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। कांदिवली यूनिट और अपराध प्रतिबंधक शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को सफल बनाया।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad