हवाई एंबुलेंस से मिलेगी आपातकालीन सेवा
मंत्री आशीष शेलार ने सीएम देवेंद्र को भेजा प्रस्ताव
मुंबई: पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दो दिन पहले हुई गैस टैंकर दुर्घटना के बाद मुंबई उपनगर जिले के पालक मंत्री (संरक्षक मंत्री) एडवोकेट आशीष शेलार ने बांद्रा-वरली सी लिंक और कोस्टल रोड पर आपातकालीन व्यवस्था को और मजबूत करने की पहल शुरू कर दी है। मंत्री शेलार ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा है, जिसमें हवाई आपातकालीन सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है।
बांद्रा रिक्लेमेशन में बनेगा हेलीपैड
मंत्री शेलार ने मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में बांद्रा रिक्लेमेशन क्षेत्र में सी लिंक के पास हेलीपैड निर्माण का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने हेलीपैड के लिए आवश्यक जगह की पहचान और संबंधित प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया है। यह हेलीपैड आपातकालीन स्थिति में घायलों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से तुरंत अस्पताल पहुंचाने में सहायक होगा।
कोस्टल रोड की चुनौतियां
मंत्री शेलार ने अपने प्रस्ताव में स्पष्ट किया है कि कोस्टल रोड भूमिगत और समुद्र के ऊपर से गुजरने वाला मार्ग है। इस विशेष भौगोलिक स्थिति के कारण दुर्घटना, आग या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाना, सुरक्षा एजेंसियों की तीव्र आवाजाही और आपातकालीन सेवाओं को मुहैया कराना बड़ी चुनौती बन सकता है।
बेहतर समन्वय पर होगा जोर
हवाई आपातकालीन सुविधाओं से आपदा प्रबंधन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। मंत्री शेलार ने कहा कि मुंबई जैसी घनी आबादी वाली आर्थिक राजधानी के लिए दीर्घकालीन आपातकालीन योजना को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। संबंधित विभागों को इस संबंध में जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह पहल मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था को एक नया आयाम देगी और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित राहत सुनिश्चित करेगी।
घटों फंसे रहे लोग
पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई गैस टैंकर दुर्घटना में यात्री कई घंटों तक फंसे रहे थे। इस घटना ने आपातकालीन प्रबंधन की कमियों को उजागर कर दिया। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए मंत्री शेलार ने भविष्य में ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए बेहतर तैयारी की आवश्यकता पर बल दिया है।

