रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराया
टी 20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को बेहद रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने लगातार दूसरी बार टी 20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली।

संजू सैमसन की तूफानी बल्लेबाजी
भारत की जीत में संजू सैमसन की शानदार पारी सबसे अहम रही। उन्होंने 42 गेंदों में 89 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनके अलावा इशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन, शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन और हार्दिक पांड्या ने तेज 27 रन की पारी खेली। इन पारियों की बदौलत भारत ने नॉकआउट मुकाबले में 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
इंग्लैंड की ओर से बेथेल की शानदार प्रयास
253 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत उतनी मजबूत नहीं रही, लेकिन जेकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रन बनाकर मैच को अंत तक रोमांचक बनाए रखा। उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 8 चौके लगाए। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में दबाव बनाए रखा और इंग्लैंड को लक्ष्य से 7 रन दूर रोक दिया।
अक्षर पटेल की फील्डिंग बनी टर्निंग पॉइंट
मैच के दौरान अक्षर पटेल की शानदार फील्डिंग भी भारत की जीत का बड़ा कारण बनी। उन्होंने पहले इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक का शानदार कैच पकड़ा। इसके बाद विल जैक्स का विकेट गिराने में भी अहम भूमिका निभाई। इन दो मौकों ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।
रिकॉर्डों की बरसात
यह मुकाबला रिकॉर्डों के लिए भी यादगार रहा। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 499 रन बनाए, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी कुल रन संख्या है। मैच में कुल 34 छक्के और 39 चौके लगे। टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में यह सबसे ज्यादा 73 बाउंड्री का रिकॉर्ड भी बन गया।
फाइनल में न्यूज़ीलैंड से भिड़ेगा भारत
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। अब 8 मार्च को होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत का सामना न्यूज़ीलैंड से होगा। वानखेड़े में मिली इस शानदार जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है और अब फैंस को ट्रॉफी जीतने की उम्मीद है।
