MLA वरुण सरदेसाई ने लिखा CM फडणवीस को पत्र
करोड़ों की जमीन पर आम मुंबईकरों का हक छिना
मुंबई: बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के केंद्र में स्थित करीब 5 एकड़ की बेशकीमती सार्वजनिक जमीन पर बना “सिटी पार्क” अब आम नागरिकों के लिए बंद कर दिया गया है और यह MMRDA अधिकारियों तथा उनके परिवारों का निजी मनोरंजन केंद्र बन चुका है। यह गंभीर आरोप बांद्रा (पूर्व) के विधायक वरुण सतीश सरदेसाई ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में लगाए हैं।
टैक्सपेयर्स के पैसे से बना पार्क, टैक्सपेयर्स के लिए ही बंद
विधायक सरदेसाई ने स्वयं इस पार्क का दौरा किया और पाया कि आम जनता का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। पार्क में केवल MMRDA के ‘जेतवन’ स्टाफ क्वार्टर्स के रास्ते से ही प्रवेश संभव है। जनता के पैसों से बनाए गए टेनिस कोर्ट, क्रिकेट टर्फ और भव्य बगीचों का उपयोग केवल चुनिंदा नौकरशाह कर रहे हैं, जबकि आम मुंबईकर को टहलने या बच्चों को खेलने की जगह तक नसीब नहीं।
जांच और कार्रवाई की मांग
विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सिटी पार्क में जन-प्रवेश पर प्रतिबंध की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया जाए, सार्वजनिक पहुंच तत्काल बहाल की जाए और सुविधाओं पर खर्च हुए सार्वजनिक धन का ऑडिट कराया जाए।
सत्ता का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं
सरदेसाई ने स्पष्ट कहा कि मुंबई की सार्वजनिक जमीन बिना चुनाव जीते बैठे अफसरों की निजी सुख-सुविधा का मैदान नहीं बन सकती। हजारों करोड़ रुपये मूल्य की इस जमीन पर जनता का अधिकार है, किसी विशेषाधिकार प्राप्त वर्ग का नहीं।

