मुंबई. नवी मुंबई में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को एक ही परिसर में विकसित करने वाली नवी मुंबई इंटरनेशनल मेडिसिटी (एनएमआईएमसी) परियोजना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘हील इन इंडिया’ संकल्पना के अनुरूप भारत को वैश्विक स्वास्थ्य केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
1.2 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश का समझौता
महाराष्ट्र सरकार, विश्व प्रसिद्ध क्लीवलैंड क्लिनिक, ब्रुकफील्ड एसेट मैनेजमेंट और आरोधन हेल्थ सिटी के बीच नवी मुंबई इंटरनेशनल मेडिसिटी के विकास के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े। यह परियोजना लगभग 250 एकड़ क्षेत्र में नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप विकसित की जाएगी।
स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुसंधान का बनेगा वैश्विक केंद्र
प्रस्तावित परियोजना में क्लीवलैंड क्लिनिक मुख्य भागीदार संस्था की भूमिका निभाएगा और उन्नत चिकित्सा सेवाओं, मेडिकल शिक्षा, शोध और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था में अपनी वैश्विक विशेषज्ञता उपलब्ध कराएगा। इस परियोजना से लगभग 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश आने तथा 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
अत्याधुनिक तकनीक और चिकित्सा नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
मेडिसिटी में विश्वस्तरीय अस्पतालों के साथ मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा संस्थान, क्लीनिकल रिसर्च सेंटर, बायोटेक्नोलॉजी और लाइफ साइंस सुविधाएं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वास्थ्य नवाचार, वेलनेस इंफ्रास्ट्रक्चर तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत किया जाएगा।
इसके अलावा लक्ष्मी एन. मित्तल द्वारा स्थापित एलएनएमआईआईटी जयपुर भी अनुसंधान ढांचा, उन्नत तकनीक और शैक्षणिक विशेषज्ञता उपलब्ध कराकर इस परियोजना में सहयोग करेगा।
महाराष्ट्र को मिलेगा वैश्विक स्वास्थ्य पहचान
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि क्लीवलैंड क्लिनिक जैसी प्रतिष्ठित संस्था का महाराष्ट्र के साथ जुड़ना देश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए परिवर्तनकारी कदम है। उन्होंने इस पहल में सहयोग देने वाले सभी साझेदारों का आभार व्यक्त किया। महाराष्ट्र सरकार इस परियोजना के लिए आवश्यक सभी मंजूरियां और प्रशासनिक सहयोग प्रदान करेगी। यह मेडिसिटी भविष्य में भारत को चिकित्सा पर्यटन, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का कार्य करेगी।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
