नव वर्ष के पहले ही दिन भाजपा का करारा प्रहार;
मुंबई :
मुंबई महानगरपालिका की आगामी सार्वत्रिक चुनाव 2025–26 की पृष्ठभूमि में मालाड क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 47 में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के मुंबई अध्यक्ष तेजिंदर सतनाम सिंग तिवाना को वार्ड क्रमांक 47 से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और मतदाताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय, उच्च शिक्षित और सदैव जनसंपर्क में रहने वाले उम्मीदवार के चयन से नागरिकों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।
कांग्रेस के उत्तर मुंबई जिला महासचिव अरविंद क्वार्डोस तथा कांग्रेस झुग्गी पुनर्विकास प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरुगन पिल्लई ने गुरुवार को अपने सैकड़ों समर्थक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया तथा भारतीय जनता पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल हो गए। यह भव्य पक्ष प्रवेश कार्यक्रम केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, स्थानीय पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस अवसर पर नवप्रवेशी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा का सशक्त नेतृत्व, विकासोन्मुख नीतियाँ तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का दूरदर्शी नेतृत्व ही उन्हें भाजपा से जोड़ने का प्रमुख कारण है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के वास्तविक मंच के रूप में भाजपा ही आम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकती है।

