मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने शनिवार को मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि टीएमसी घुसखोर वोटरों को बचाने के लिए संगठित तरीके से निर्वाचन प्रक्रिया में अवरोध पैदा कर रही है।
‘तुष्टीकरण और माफिया संस्कृति टीएमसी का असली चेहरा’
प्रेम शुक्ला ने कहा, “तुष्टीकरण, माफिया और अपराध संस्कृति ही टीएमसी का असली चेहरा है। जिस बंगाल का इतिहास ‘सोनार बांग्ला’ के रूप में देश के लिए आदर्श माना जाता था, उसका चेहरा टीएमसी ने खून से रंग दिया है।” उन्होंने पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र और बौद्धिक परंपरा की हत्या होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होनी चाहिए।
धमकियों से परेशान बूथ अधिकारी ने दी जान
शुक्ला ने एक चौंकाने वाला मामला उठाया। उनके अनुसार, जाधवपुर विधानसभा क्षेत्र के कर्तव्यनिष्ठ बूथ अधिकारी अशोक दास पर टीएमसी के वार्ड नेता अनन्या बनर्जी और राजू विश्वास ने दबाव डाला। आरोप है कि मतदाता सूची से एक नाम हटवाने की धमकी देते हुए कहा गया कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो उनके परिवार की महिलाओं के साथ बलात्कार और बच्चों की हत्या कर दी जाएगी। इस जीवनघातक धमकी और दबाव के कारण अशोक दास ने आत्महत्या कर ली। शुक्ला ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ हिंसा को प्रोत्साहन देती हैं।
‘घुसखोरों के पास हमेशा बंगाली कागजात क्यों?’
प्रेम शुक्ला ने एक गंभीर सवाल उठाया, “जब देश के किसी भी कोने में घुसखोर पकड़े जाते हैं, तो उनके पास बंगाली कागजात कैसे मिलते हैं?” उन्होंने दावा किया कि बंगाल में दस हजार से दस लाख रुपये तक के मोल पर देशद्रोही प्रवृत्ति वाले लोगों के लिए राष्ट्रीय पहचान पत्र बनवाकर दिए जा रहे हैं। इन नकली कागजातों के आधार पर घुसखोर पूरे देश में फैल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टीएमसी के संरक्षण में ही सीमावर्ती इलाकों से घुसखोर भारत में प्रवेश करते हैं।
‘बंगाल को बनाया जा रहा बांग्लादेश’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनावी कर्मचारी मृत्युभय के साये में काम कर रहे हैं और ममता सरकार बंगाल को बांग्लादेश बना रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पश्चिम बंगाल सरकार अशोक दास के परिवार को न्याय देगी और क्या आत्महत्या के लिए उकसाने वाले टीएमसी कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित किया जाएगा?
पंजाब में ‘आप’ सरकार पर भी हमला
इसके साथ ही, प्रेम शुक्ला ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार मीडिया का गला घोंट रही है, जो 1975 की आपातकाल की याद दिलाता है। उन्होंने ‘पंजाब केसरी’ अखबार के कार्यालय पर हमले और कर्मचारियों की पिटाई का जिक्र करते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस हमले का पुरजोर विरोध जताया।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
