मुंबई: मुंबईकरों की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में ‘मनचाहा प्यार’ और ‘सौतन से छुटकारा’ जैसे लुभावने वादे करने वाले विज्ञापनों के खिलाफ रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है। मध्य रेलवे (सीआर) और पश्चिम रेलवे (WR) की एक संयुक्त टीम ने दक्षिण मुंबई के रे रोड इलाके में छापेमारी कर खुद को ‘बंगाली बाबा’ बताने वाले एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 15,000 विज्ञापन पोस्टर भी जब्त किए हैं।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त और मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने मंगलवार, 17 फरवरी को रे रोड स्थित ‘मीरा अली दरगाह’ के पास दबिश दी। इस ऑपरेशन का नेतृत्व मध्य रेलवे के एसआईपीएफ जी.के. राय, एएसआई पी.के. मिश्रा और पश्चिम रेलवे के एसआईपीएफ एस.के. सोनी की टीम ने किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद नजीर अंदारी (पिता मोहम्मद रजुल) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से भारी मात्रा में छपे हुए पोस्टर बरामद हुए, जिन्हें वह उपनगरीय ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध रूप से चिपकाने की तैयारी में था।
बिना अनुमति रेलवे संपत्ति का इस्तेमाल
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ‘बाबा बंगाली’ के नाम से प्रचार गतिविधियां चला रहा था और बिना किसी अनुमति के रेलवे संपत्ति का उपयोग विज्ञापन के लिए कर रहा था। इन पोस्टरों के जरिए भोले-भाले यात्रियों को तंत्र-मंत्र और जादुई समाधानों का झांसा देकर ठगा जाता था।
दर्ज हुई एफआईआर
रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वडाला में मामला दर्ज किया है। आरोपी पर रेलवे अधिनियम की धारा 144, 145(बी), 147 और 166 के तहत कार्रवाई की गई है।
अपील: रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे ट्रेनों में लगे ऐसे भ्रामक विज्ञापनों के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत रेल मदद या सुरक्षा बलों को दें।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
