मुंबई: भांडुप इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले तीन नाबालिग छात्रों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक कथित तौर पर दादागिरी करता था, जिससे तंग आकर आरोपियों ने यह खौफनाक कदम उठाया।
नाबालिग मृतक की पहचान 14 वर्षीय सिद्धार्थ लोंढे के रूप में सामने आई है, जो कि भांडुप के तुलशेत पाड़ा इलाके का निवासी था। सिद्धार्थ भी आरोपियों की तरह आठवीं कक्षा में पढ़ता था। तीनों आरोपी उसके करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं।
खेलने गया, फिर नहीं लौटा
बताया जा रहा है कि 22 फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे सिद्धार्थ घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने अगली सुबह भांडुप पुलिस थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
विहार झील के पास मिला शव
नाबालिग होने की वजह से पुलिस ने लापता सिद्धार्थ के अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान 23 फरवरी को मुलुंड पुलिस थाना क्षेत्र में विहार झील के पास सिद्धार्थ का शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि सिद्धार्थ को आखिरी बार उसके एक दोस्त के साथ देखा गया था। पुलिस ने जब उस दोस्त से पूछताछ की, तो उसने दावा किया कि चारों दोस्त तैरने गए थे और इसी दौरान सिद्धार्थ डूब गया। बाकी दो दोस्तों ने भी यही कहानी दोहराई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज
लेकिन शव विच्छेदन (पोस्ट मार्टम) रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। रिपोर्ट में सिद्धार्थ के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट और अंदरूनी रक्तस्राव की पुष्टि हुई, जिससे साफ हो गया कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है।
एक आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस की सख्त पूछताछ में एक नाबालिग आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि सिद्धार्थ की दादागिरी से वे परेशान थे, इसी कारण उन्होंने उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में शव को झील में फेंककर डूबने का नाटक रचा गया।
हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद
पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए डोंगरी स्थित बाल निरीक्षण गृह भेज दिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
