2.52 करोड़ रुपए का माल जब्त, 288 गिरफ्तार
मुंबई : अन्न एवं औषध प्रशासन (एफडीए) महाराष्ट्र ने प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों और दूध में मिलावट के खिलाफ अप्रैल 2026 में राज्यभर में व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने 290 स्थानों पर छापेमारी कर करीब 2.52 करोड़ रुपए मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया है। इस कार्रवाई में 261 एफआईआर दर्ज कर 288 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू पर सख्त प्रतिबंध
एफडीए की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी के तहत खाद्य सुरक्षा आयुक्त महाराष्ट्र के 16 जुलाई 2025 के आदेश के अनुसार पूरे राज्य में गुटखा, पान मसाला, सुगंधित तंबाकू, सुगंधित सुपारी, मावा, खर्रा तथा ऐसे सभी तंबाकूयुक्त उत्पादों के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। गोपनीय जानकारी के आधार पर 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच राज्यभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई।
दूध में मिलावट का भंडाफोड़
नामी कंपनियों के दूध में पानी मिलाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
एफडीए और मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-9 ने 9 अप्रैल 2026 की सुबह वर्सोवा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए दूध में मिलावट करने वाले चार ठिकानों पर छापेमारी की। जांच में सामने आया कि आरोपी नामी कंपनियों के दूध के पैकेट खोलकर उसमें पानी मिलाकर दोबारा बेच रहे थे। इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा वर्सोवा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। कार्रवाई के दौरान 8 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए। साथ ही 621 लीटर मिलावटी दूध, जिसकी कीमत 36,219 रुपए बताई गई है, उक्त दूध को नष्ट कर दिया गया।
जनता से सहयोग की अपील
यह विशेष अभियान मंत्री नरहरी झिरवळ, सचिव धीरज कुमार और आयुक्त श्रीधर दुबे-पाटील के मार्गदर्शन में चलाया गया।
एफडीए मुख्यालय के सह आयुक्त (खाद्य) महेश चौधरी ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का उत्पादन, भंडारण, परिवहन या बिक्री हो रही हो तो इसकी जानकारी विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-222-365 पर दें। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य के लिए घातक इन उत्पादों के सेवन और उनकी लत से दूर रहने का भी आग्रह किया।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

