मुंबई. दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में स्थित एक बहुमंजिला इमारत में रविवार को आग लगने से एक 42 वर्षीया महिला और उनकी 21 वर्षीया बेटी की आग में झुलसने एवं धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई. वहीं मृतका के परिवार के तीन अन्य सदस्यों सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मस्जिद बंदर के ईसाजी स्ट्रीट स्थित 11 मंजिला इमारत पन्ना अली मैंशन के तक मजल पर स्थित इलेक्ट्रिक मीटर रूम में सुबह सवा 6 बजे के करीब आग लग गई. इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग देखते ही देखते इमारत के ऊपरी मंजिल पर पहुंच गई. इस दौरान 8 वीं मंजिल पर रहने वाले 48 वर्षीय सौद आलम शेख की 21 वर्षीय बेटी साजिया शेख शाह और 42 वर्षीया पत्नी शबीला खातून शेख आग चपेट में आकर झुलसने एवं धुएं से दम घुटने से बेहोश हो गईं थी. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान धुएं से बचने के लिए सौद और उनका 24 वर्षीय बेटा आदिल भागकर खिड़की के पास पहुंच गए. जबकि शबीला खातून, अपनी 22 वर्षीया बड़ी बेटी शाहीन और बी.फार्मा तृतीय वर्ष की छात्रा साजिया के साथ इमारत की टैरेस की तरफ दौड़ पड़ी. लेकिन सीढ़ियों पर घना धुआं भरा होने के कारण तीनों वहीं फंस गईं. दमकल कर्मियों ने उन्हें तत्परता दिखाते हुए जेजे अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने शबीला और साजिया को मृत घोषित कर दिया.

हो सकता था बड़ा हादसा
मस्जिद बंदर के राम मंदिर के पास स्थित पन्ना अली मैंशन में आग रविवार को भोर में 6 बजे के करीब लगी थी. इस वजह से हताहतों की संख्या 2 तक ही सीमित रह गई. रविवार का दिन और भोर का समय होने से आसपास के कार्यालय, दुकानें आदि बंद थीं और सड़क भी पूरी तरह से खाली थी. इसलिए दमकल गाड़ियां सही समय पर मौके पर पहुंच गई तथा 15 से 20 मिनट में आग काबू में आ गई. अन्यथा आमतौर पर दिन में ये इलाका काफी व्यस्त रहता है. संकरी सड़क के दोनों तरफ खड़े किए गए वाहनों के कारण दमकल की गाड़ियों का पहुंचना संभव नहीं हो पाता.
जान बचाने के लिए टैरेस पर पहुंचे लोग
हताहतों की संख्या कम होने की एक वजह ये भी बताई जा रही कि भोर का समय होने के बाद भी इमारत में उस वक्त मौजूद 50 से ज्यादा लोग सही समय पर जाग गए और सभी लोग भाग कर इमारत की टैरेस पर पहुंच गए. बताया जा रहा है कि इस दौरान एक व्यक्ति घबराहट में जान बचाने के लिए 6 मंजिल पर रहने वाले करीब दर्जन भर लोग खिड़की की ग्रिल तोड़ कर बगल की इमारत की छत पर चले गए. घटना में घायल व्यक्तियों में करीम शेख (20), आदिल राजा शेख (24) (दोनों पुरुष), नकीस सुरती (24), शाहीन शेख (22), साहिन आलम शेख (22) (बाकी सब महिलाएं) शामिल हैं।
जबकि दमकल कर्मियों से शेष सभी लोगों को बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
इमारत में नहीं था आग से सुरक्षा का साधन
दमकल विभाग की जांच में पता चला है कि इमारत में आग से सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया था. इसलिए इमारत को नोटिस जारी की गई है.

