मुंबई. एक सिरफिरे प्रेमी की हरकत ने शुक्रवार को मुंबई सहित पूरे देश को दहला दिया. ब्रेक अप अर्थात प्रेमिका का प्रेम संबंध तोड़ना उसे नागवार लगा. उसने गुस्से में पहले अपनी कथित प्रेमिका पर जानलेवा हमला बोला बाद में खुद भी उसी हथियार से अपना गला चीर लिया. इससे हमलावर प्रेमी की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि बुरी तरह से घायल प्रेमिका ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय सोनू बरई का 24 ममता यादव (बदला हुआ नाम) से प्रेम संबंध था. लेकिन कुछ दिनों से सोनू, ममता के चरित्र पर संदेह करने लगा था. इसी बात दोनों ने ब्रेक अप कर लिया था.
दो सप्ताह बाद किया हमला
मुंबई के कलाचौकी पुलिस थाने की हद में घटित हुई इस सनसनीखेज घटना के बारे में बताया जा रहा है कि करीब दो सप्ताह पहले चरित्र को लेकर सवाल पूछने की वजह से ममता की सोनू से तकरार हो गई थी. और तभी ममता ने सोनू से ब्रेक अप कर लिया था. सोनू को ये नागवार लगा. वह गुस्से में था और ममता को सबक सिखाना चाहता था. शुक्रवार को उसने ममता का पीछा किया और अचानक उस पर धारदार चाकू से हमला बोल दिया.
भागी लेकिन नहीं बची जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले से घात लगाकर बैठे सोनू ने ममता पर सुबह 11 बजे के करीब अचानक हमला किया था. उसने ममता पर पहले दो से तीन बार किया, जिसके बाद लहूलुहान हुई ममता भाग कर पास के एक नर्सिंग होम में घुस गई, लेकिन आरोपी ने उस पीछा किया और नर्सिंग होम में उसे पकड़ कर उस पर ताबड़तोड़ हमला करने लगा. जब उसे विश्वास हो गया कि अब ममता का बचना नामुमकिन है, तब उसने उसी चाकू से अपना गला भी चीर लिया.
चाकू के डर से तमाशबीन बने लोग
सोनू ने ममता पर सुबह में 11 बजे के करीब और भीड़ भरी सड़क पर हमला बोला था, लेकिन उसके हाथ में ममता के खून से सना चाकू देखकर कोई भी आगे बढ़ कर उसे रोकने का साहस नहीं दिखा पाया. लेकिन भीड़ बढ़ने के बाद कुछ लोग उसपर पत्थर फेंकने लगे और कुछ लोग डंडा आदि लेकर आ गए तो सोनू समझ गया कि अब उसका बचना नामुमकिन है. इसलिए उसने अपना गला चीर लिया होगा.
ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने दो अन्य लोगों की मदद से खून में लथपथ ममता को अस्पताल पहुंचाया. तो वहीं मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने सोनू को केईएम अस्पताल पहुंचाया लेकिन अत्यधिक खून बह जाने की वजह से उसकी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी. काला चौकी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने दोनों लाशों को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है. और आगे की जांच शुरू कर दी है.
