मुंबई: महाराष्ट्र अन्न व औषध प्रशासन द्वारा 18 फरवरी 2026 को कुंभारवाड़ा, धारावी क्षेत्र में बिना लाइसेंस दवाइयों का भंडारण किए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई। विभाग ने छापा मारकर 1,03,550.67 रुपए मूल्य का दवा स्टॉक जब्त किया।
मुंबई के गुप्तवार्ता विभाग को सूचना मिली थी कि साइन स्थित मे. अपना मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स द्वारा कुंभारवाड़ा, धारावी में एक कमरे में बिना लाइसेंस सलाइन और अन्य दवाओं का भंडारण किया जा रहा है। संबंधित स्थान के लिए न तो कोई वैध लाइसेंस था और न ही लाइसेंस के लिए आवेदन किया गया था। सूचना मिलते ही बृहन्मुंबई कार्यालय के औषध निरीक्षक हेमंत अडे और अजय माहुले ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपों की पुष्टि की।
नमूने जांच के लिए भेजे गए
जांच के दौरान औषध निरीक्षक हेमंत अडे ने दवाओं के नमूने परीक्षण हेतु लिए, जबकि शेष दवा स्टॉक को जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई औषधे व सौंदर्य प्रसाधने कायदा 1940 व नियम 1945 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत की गई है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रस्तावित है।


वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई विभाग के आयुक्त श्रीधर डुबे पाटील, सह आयुक्त (दक्षता) डॉ. राहुल खाडे तथा सह आयुक्त (बृहन्मुंबई) श्री विजय जाधव के निर्देशानुसार की गई। साथ ही सहायक आयुक्त (गुप्तवार्ता) मुंबई वी.आर. रवि, सहायक आयुक्त बृहन्मुंबई प्रवीण हरक एवं डी.एम. दरंदले ने छापेमारी को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अवैध दवा कारोबार पर सख्ती जारी
महाराष्ट्र अन्न व औषध प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस दवा भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
