मुंबई: बोरिवली पश्चिम के आईसी कॉलोनी स्थित एक ज्वेलरी शॉप से हुई करोड़ों की चोरी के मामले में मुंबई की एमएचबी कॉलोनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 7.88 करोड़ रुपए मूल्य की सोने की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को किशोर सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, ‘माय गोल्ड पॉइंट’ नामक ज्वेलरी शॉप में 13 और 14 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात चोरी की वारदात हुई। आरोपियों ने नकली चाबी का इस्तेमाल कर करीब 5 किलो सोने के आभूषण चुरा लिए। इस मामले में 15 जनवरी 2026 को एमएचबी पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 और 3(5) में केस दर्ज किया गया था।
दुकान के कर्मचारियों ने ही तोड़ा भरोसा
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चोरी में दुकान के ही दो कर्मचारी शामिल थे। इन्हें रोज दुकान बंद करने और चाबियों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन्हीं कर्मचारियों ने विश्वासघात करते हुए डुप्लीकेट चाबियां बनाईं और शोकेस में रखा सोना लेकर फरार हो गए। घटना के बाद दोनों कर्मचारियों के अचानक लापता होने से पुलिस को शक हुआ।
राजस्थान से जंगलों में छिपे थे आरोपी
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपियों की पहचान हुई। जांच के दौरान पता चला कि वारदात के बाद आरोपी राजस्थान फरार हो गए थे। पुलिस टीम जब राजस्थान पहुंची तो आरोपी गांव छोड़कर जंगलों में छिप गए। इसके बावजूद थर्मल ड्रोन और सीसीटीवी ट्रैकिंग की मदद से एमएचबी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर मुंबई लाया।
एक आरोपी अब भी फरार
मामले में पुलिस ने गणपत चदाना (26 वर्ष) और किशनलाल उर्फ भैरू बगालाल रेबारी (21 वर्ष) सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने 3 किलो 100 ग्राम सोना भी बरामद कर लिया है। लेकिन, एक कर्मचारी अभी भी फरार है, जिसके पास करीब 4 किलो सोना होने की आशंका जताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि फरार आरोपी को वाहन और अन्य संसाधनों के जरिए मदद दी गई थी।
ज्वेलर्स में दहशत, छापेमारी तेज
डीसीपी संदीप जाधव और वरिष्ठ निरीक्षक हर्ष गवली के मार्गदर्शन में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस सनसनीखेज चोरी की घटना से इलाके के ज्वेलरी व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर शेष सोना बरामद कर लिया जाएगा।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
