मुंबई: महाराष्ट्र में 264 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के आम चुनाव के लिए मंगलवार (2 दिसंबर) को मतदान होने जा रहा है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा संपूर्ण मतदान तंत्र को पूरी तरह सज्ज कर लिया गया है। इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि कुल 12,316 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा, जिसके लिए 62,108 चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस द्वारा पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त की व्यवस्था की गई है।
मंगलवार को 264 नगर निकायों के अध्यक्ष पदों और 6,042 सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया के लिए पर्याप्त इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें कुल 17,367 कंट्रोल यूनिट और 34,734 बैलेट यूनिट शामिल हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों वाली मतदान टीमें अपने-अपने केंद्रों पर सुरक्षित पहुंच गई हैं। मतदान कल सुबह 7:30 बजे शुरू होगा और शाम 5:30 बजे तक जारी रहेगा।
24 निकायों में विलंब
राज्य चुनाव आयोग ने 4 नवंबर 2025 को राज्य की 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों (कुल 288) के आम चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया था। हालांकि, चुनाव निर्णय अधिकारियों के फैसलों के खिलाफ अपील वाले मामलों में 23 नवंबर 2025 या उसके बाद निर्णय आने से 24 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद और सदस्य पदों के चुनाव के लिए कल मतदान नहीं होगा। इन स्थानों पर संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 20 दिसंबर 2025 को मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा, 76 नगर निकायों में न्यायिक मामलों के कारण प्रभावित 154 सीटों के लिए भी कल मतदान नहीं होगा। इन प्रभावित सीटों के लिए भी संशोधित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 20 दिसंबर 2025 को मतदान होगा।
संशोधित कार्यक्रम का विवरण
अपील अवधि के बाद के चरणों के लिए संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची और चुनाव चिन्हों का आवंटन 11 दिसंबर 2025 को होगा। 20 दिसंबर को सुबह 7:30 से शाम 5:30 के बीच मतदान होगा और मतगणना 21 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे शुरू होगी।
संशोधित कार्यक्रम के तहत चुनाव होने वाले 24 नगर निकायों में ठाणे का अंबरनाथ, अहिल्यानगर के कोपरगांव, देवलालीप्रवरा, पाथर्डी और नेवासा, पुणे के बारामती और फुरसुंगी-उरुली देवाची, सोलापुर के अनगर और मंगळवेढा जैसे महत्वपूर्ण शहर शामिल हैं।
लोकतंत्र के इस महापर्व में नागरिकों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में मतदान में भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
