मुंबई: माघ मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मौनी अमावस्या के रूप मनाया जाता है। सनातन धर्म में मौनी अमावस्या का खास महत्व है। यह दिन भगवान शिव को समर्पित होता है। इस शुभ अवसर पर गंगा स्नान कर हरि यानी विष्णु और हर अर्थात भगवान शिव की भक्ति भाव से पूजा की जाती है। इसे पितरों को प्रसन्न करने के शुभ अवसर के रूप में देखा जाता है।
मौनी अमावस्या पर मौन साधना का विधान है। इस दिन श्राद्ध और तर्पण करने पितृ देव शीघ्र प्रसन्न होते और कृपा आशीर्वाद बरसाते हैं।
मौनी अमावस्या का महत्व
पुराणों के अनुसार, इसी दिन मनु ऋषि ने मौन व्रत धारण कर कठोर तपस्या की थी। इसलिए इसे ‘मौनी’ अमावस्या कहते हैं। इस दिन भगवान विष्णु और शिव की पूजा तथा मौन रहकर पवित्र नदियों में स्नान और दान करने का विशेष महत्व है।
मौनी अमावस्या की कथा
पुराणों में दर्ज मौनी अमावस्या से संबंधित कथा के अनुसार, पुराणों के अनुसार कांचीपुरी में एक ब्राह्मण रहता था। उसका नाम देवस्वामी तथा उसकी पत्नी का नाम धनवती था। उनके सात पुत्र तथा एक पुत्री थी। पुत्री का नाम गुणवती था। ब्राह्मण ने सातों पुत्रों को विवाह करके बेटी के लिए वर खोजने अपने सबसे बड़े पुत्र को भेजा। उसी दौरान किसी पंडित ने पुत्री की जन्मकुंडली देखी और बताया, सप्तपदी यानी विवाह के सात वचन होते-होते यह कन्या विधवा हो जाएगी। तब उस ब्राह्मण ने पंडित से पूछा- पुत्री के इस वैधव्य दोष का निवारण कैसे होगा? पंडित ने कहा-सोमा का पूजन करने से वैधव्य दोष दूर होगा। फिर सोमा का परिचय देते हुए उसने बताया, वह एक धोबिन है। उसका निवास स्थान सिंहल द्वीप है। उसे जैसे-तैसे प्रसन्न करो और गुणवती के विवाह से पूर्व उसे यहां बुला लो।
तब देवस्वामी का सबसे छोटा लड़का बहन को अपने साथ लेकर सिहंल द्वीप जाने के लिए सागर तट पर चला गया। सागर पार करने की चिंता में दोनों एक वृक्ष की छाया में बैठ गए। उस पेड़ पर एक घोंसले में गिद्ध का परिवार रहता था। उस समय घोंसले में सिर्फ गिद्ध के बच्चे थे। गिद्ध के बच्चे भाई-बहन के क्रिया-कलापों को देख रहे थे। सायंकाल के समय गिद्ध के बच्चों की मां आई तो उन्होंने भोजन नहीं किया।
वह अपनी मां से बोले- नीचे दो प्राणी सुबह से भूखे-प्यासे बैठे हैं। जब तक वे कुछ नहीं खा लेते, तब तक हम भी कुछ नहीं खाएंगे।
तब दया और ममता के वशीभूत गिद्ध माता उनके पास आई और बोली- मैंने आपकी इच्छाओं को जान लिया है। इस वन में जो भी फल-फूल कंद-मूल मिलेगा, मैं ले आती हूं। आप भोजन कर लीजिए। मैं प्रातः आपको सागर पार करा कर सिंहल द्वीप की सीमा के पास पहुंचा दूंगी और वे दोनों भाई-बहन माता की सहायता से सोमा के यहां जा पहुंचे। वे नित्य प्रातः उठकर सोमा का घर झाड़ कर लीप देते थे। एक दिन सोमा ने अपनी बहुओं से पूछा, हमारे घर कौन बुहारता है, कौन लीपता-पोतता है?
सबने कहा, हमारे सिवाय और कौन बाहर से इस काम को करने आएगा? किंतु सोमा को उनकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ। एक दिन उसने रहस्य जानना चाहा। वह सारी रात जागी और सबकुछ प्रत्यक्ष देखकर जान गई। सोमा का उन बहन-भाई से वार्तालाप हुआ। भाई ने सोमा को बहन संबंधी सारी बात बता दी। मौनी अमावस्या पर बन रहा है।
सोमा ने उनकी श्रम-साधना तथा सेवा से प्रसन्न होकर उचित समय पर उनके घर पहुंचने का वचन देकर कन्या के वैधव्य दोष निवारण का आश्वासन दे दिया। मगर भाई ने उससे अपने साथ चलने का आग्रह किया। आग्रह करने पर सोमा उनके साथ चल दी। चलते समय सोमा ने बहुओं से कहा- मेरी अनुपस्थिति में यदि किसी का देहांत हो जाए तो उसके शरीर को नष्ट मत करना। मेरा इंतजार करना और फिर सोमा बहन-भाई के साथ कांचीपुरी पहुंच गई।
दूसरे दिन गुणवती के विवाह का कार्यक्रम तय हो गया। सप्तपदी होते ही उसका पति मर गया। सोमा ने तुरंत अपने संचित पुण्यों का फल गुणवती को प्रदान कर दिया। तुरंत ही उसका पति जीवित हो उठा। सोमा उन्हें आशीर्वाद देकर अपने घर चली गई। उधर गुणवती को पुण्य फल देने से सोमा के पुत्र, जामाता तथा पति की मृत्यु हो गई। सोमा ने पुण्य फल संचित करने के लिए मार्ग में अश्वत्थ /पीपल वृक्ष की छाया में विष्णु जी का पूजन करके 108 परिक्रमाएं की। इसके पूर्ण होने पर उसके परिवार के सभी मृतक जन जीवित हो उठे।
एक अन्य दंत कथा के अनुसार, मनु ऋषि, जिन्हें मानव जाति का आदि पुरुष माना जाता है, ने इसी दिन मौन व्रत रखकर कठोर तपस्या की थी। मनु ऋषि भगवान विष्णु के परम भक्त थे। उन्होंने इंद्रियों पर संयम रखते हुए मौन रहकर ईश्वर की आराधना की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उन्हें आशीर्वाद दिया और मानव सृष्टि के विस्तार का वरदान प्रदान किया। तभी से इस अमावस्या को ‘मौनी अमावस्या’ कहा जाने लगा। निष्काम भाव से की गई सेवा का फल मधुर होता है, यही मौनी अमावस्या व्रत का लक्ष्य है।
मौनी शुभ योग
ज्योतिषियों की मानें तो मौनी अमावस्या पर हर्षण और सर्वार्थ सिद्धि योग समेत कई मंगलकारी संयोग बन रहे हैं। इसके साथ ही शिववास योग का भी निर्माण हो रहा है। इन योग में पितरों का श्राद्ध और तर्पण करने से पूर्वजों को मोक्ष की प्राप्ति होगी। वहीं, साधक पर पितरों की कृपा बरसेगी।
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। ‘तह की बात’ इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। ‘तह की बात’ किसी भी तरह के अंधविश्वास के खिलाफ है।
