मुंबई: बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव में भाजपा-शिवसेना महायुति को 119 सीटों पर जीत मिली है, जिससे 25 साल बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के सत्ता से बाहर होने का रास्ता साफ हो गया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पार्टी के नवनिर्वाचित नगरसेवकों को संबोधित किया और मुंबई को ‘वर्ल्ड क्लास सिटी’ बनाने का विजन रखा।
फडणवीस ने कहा कि वे मुंबईवासियों को विश्वास दिलाते हैं कि शहर के कायाकल्प का काम जल्द शुरू होगा और बीएमसी का काम पूरी तरह पारदर्शी होगा। उन्होंने कहा, “हम मुंबई को रहने लायक और प्यारा शहर बनाएंगे। अब मुंबई नहीं रुकेगी और तेज गति से विकास करेगी।” मुख्यमंत्री ने जीत का श्रेय मुंबईवासियों को देते हुए कहा कि लोगों ने भाषा और जाति से ऊपर उठकर विकास के एजेंडे को समर्थन दिया। उन्होंने नगरसेवकों से जीत का आनंद तो मनाने को कहा, लेकिन उन्माद से बचने की भी सलाह दी।
उद्धव ठाकरे पर तंज
उद्धव ठाकरे के उस बयान पर चुटकी लेते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘देवा की मर्जी होगी तो हमारा मेयर होगा’, फडणवीस ने कहा, “लोग मुझे भी देवा भाऊ कहते हैं। ईश्वर की कृपा से मेयर महायुति का ही होगा। इसका फैसला हम अपने सहयोगी एकनाथ शिंदे के साथ मिलकर करेंगे। इस पद को लेकर हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है।”

