पालघर: मुंबई से सटे पालघर जिले के वसई-विरार शहर क्षेत्र में घरेलू विवादों के चलते लगातार हो रही हत्याओं की घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पत्नी की कथित अवैध संबंधों के शक में पति द्वारा हत्या की घटना के महज 24 घंटे के भीतर एक और दिल दहला देने वाला मामला नालासोपारा इलाके से सामने आया है। नालासोपारा में एक मां ने गुस्से में आकर अपनी ही नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी।
यह घटना नालासोपारा पूर्व के संतोष भुवन इलाके में स्थित तांडा पाड़ा स्थित विद्या विकासिनी चॉल की है। यहां रहने वाले प्रजापति परिवार में शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। मां कुमकुम प्रजापति ने अपनी 15 वर्षीय बेटी अंबिका प्रजापति की निर्मम हत्या कर दी।
पांच बहनों में सबसे बड़ी थी अंबिका
मृतक अंबिका पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। पुलिस के अनुसार, अंबिका और उसकी मां के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि अंबिका अपने छोटे भाई-बहनों के साथ मारपीट करती थी, जिसका उसकी मां विरोध करती थी। इसी बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
मसाला पीसने वाले पत्थर से प्रहार
शुरुआत में आशंका जताई जा रही थी कि मां ने चाकू से गला रेतकर बेटी की हत्या की है, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि अंबिका की हत्या चाकू से नहीं, बल्कि वरवंटे (मसाला पीसने वाले पत्थर) से सिर कुचलकर की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही तुलिंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मां कुमकुम प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस का बयान
मिरा-भाईंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय, परिमंडल-3 की पुलिस उपायुक्त पौर्णिमा चौघुले श्रृंगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। प्राथमिक जांच में आशंका है कि छोटे बच्चों के साथ मारपीट को लेकर मां-बेटी के बीच हुए विवाद के चलते यह हत्या हुई।
एक दिन पहले भी हुई थी हत्या
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, 23 जनवरी 2026 को नायगांव पूर्व के खुताड़ीपाड़ा इलाके में राकेश कुमार मौर्या ने पत्नी कोमल मौर्या की गला दबाकर हत्या कर दी थी। राकेश को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसको लेकर दोनों में लगातार झगड़े हो रहे थे।
लगातार बढ़ रही घरेलू हिंसा की घटनाएं
वासई-विरार इलाके में लगातार सामने आ रही पारिवारिक हत्याओं की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक हालात पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
