मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी और एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल मुंबई की वैश्विक छवि धूमिल करनेवाले असामाजिक तत्वों पर मुंबई पुलिस ने जोरदार प्रहार किया है। महालक्ष्मी स्थित प्रसिद्ध धोबीघाट इलाके में एक विदेशी युवती से छेड़छाड़ करने वाले दो युवकों को आगरीपाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक विदेशी युवती धोबीघाट इलाके में घूमती नजर आ रही थी, तभी दो युवक उसके साथ अशोभनीय व्यवहार करते दिखाई दिए। युवती के अनुसार, दोनों आरोपी करीब 15 मिनट तक उसका पीछा करते रहे और सेल्फी के बहाने बार-बार पास आकर उसे छूने की कोशिश करते रहे। विरोध के बावजूद जब वे नहीं माने, तो युवती ने पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दी।
कहां से आई थी पीड़िता?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़ित युवती यूरोप के एक देश की नागरिक है और हाल ही में पर्यटन के उद्देश्य से भारत आई थी। वह करीब दो महीनों से मुंबई में रह कर प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रही थी। फिलहाल सुरक्षा कारणों से पुलिस ने युवती की पहचान और देश का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
कर रही थी वीडियो ब्लॉगिंग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती फ्रीलांस ट्रैवल ब्लॉगर / सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर है और भारत यात्रा के दौरान वीडियो ब्लॉगिंग कर रही थी। इसी दौरान उसने धोबीघाट घूमते समय यह वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई।
वैश्विक स्तर पर हुई किरकिरी
यह वीडियो न सिर्फ भारत में, बल्कि विदेशों में भी वायरल हो गया। इससे मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। पर्यटकों की सुरक्षा का मुद्दा उठने के बाद पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ा और मामले को गंभीरता से लिया गया।
आगरीपाड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। आगरीपाड़ा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों युवक बिहार के रहने वाले हैं और काम की तलाश में मुंबई आए थे।
पर्यटकों की सुरक्षा पर सख्त रुख
धोबीघाट और गेटवे ऑफ इंडिया जैसे पर्यटन स्थलों पर विदेशी सैलानियों की बड़ी संख्या रहती है। इस घटना के बाद इन इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि मुंबई में पर्यटकों से छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
