मुंबई. मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर (14 फरवरी 2026) एक भीषण हादसा हुआ जब मेट्रो लाइन 4 के निर्माणाधीन पियर पी-196 के पास ऊंचाई से पैरापेट का एक हिस्सा सड़क पर चलते ऑटो रिक्शा और कार पर गिर गया। कंक्रीट के भारी स्लैब और लोहे की छड़ों की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई तो वहीं तीन गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। मृतकों में से एक की पहचान रामधनी यादव के रूप में सामने आई है, जो कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के एक गांव के सरपंच थे।
दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर हुई इस घटना में मारे गए सरपंच रामधनी यादव और पूर्व सरपंच महेंद्र यादव मुंबई घूमने आए थे। मुलुंड इलाके में उनके एक मित्र का गन्ने के रस की दुकान थी। वहीं से वे बबलू यादव नामक रिक्शा चालक के साथ एक रिश्तेदार की शादी में जाने के लिए निकले थे। तभी लगभग 25 फीट की ऊंचाई से मेट्रो निर्माण का स्लैब उनकी रिक्शा पर गिर गया। यादव परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मौत को छूकर निकला रिक्षा चालक
हादसे का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि रिक्शा पूरी तरह दब चुकी है। रिक्शा चालक बबलू यादव का पैर मलबे के नीचे दब गया था, लेकिन वह चमत्कारिक रूप से बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर रिक्शा कुछ सेकंड आगे या पीछे होती, तो जनहानि और भी बड़ी हो सकती थी। वर्तमान में घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
MMRDA ने ठोका भारी जुर्माना
एमएमआरडीए के अतिरिक्त आयुक्त अश्विन मुदगल ने बताया कि मिलन इन्फ्रा कंपनी जिसके पास कॉन्ट्रैक्ट था, उस पर 5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं काम की निगरानी करने वाली एलजीबी एंड हिल कंपनी को 1 करोड़ रुपये का जुर्माना दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्ट्रेचिंग की वजह से पैरापेट वॉल का हिस्सा गिरा। राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।
आदित्य ठाकरे ने साधा निशाना
शिवसेना (ठाकरे गुट) के युवा विधायक आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “भाजपा के राज में मानव जीवन की कोई कीमत नहीं है। पिछले साल भी एक दीवार गिरी थी और नई मेट्रो लाइन 3 में बारिश का पानी भर गया था। क्या सरकार दोषी कॉन्ट्रैक्टर को ब्लैकलिस्ट करेगी? शायद नहीं।” उन्होंने यह भी कहा कि काम पूरा होने से पहले ही खंभों की रंगाई हो गई है जिसपर करोड़ों खर्च हुए।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांगी जवाबदेही
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि तथाकथित विकास पुरुष मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, “महायुति सरकार में भ्रष्टाचार इतने बड़े पैमाने पर है कि अब जनता की जान पर बन आई है। कोस्टल रोड, ट्रांस हार्बर लिंक जैसे महंगे प्रोजेक्ट एक साल में ही खस्ताहाल हो गए। अगर हजारों करोड़ खर्च करके ऐसा विकास मिले जो जानलेवा हो, तो ऐसे विकास का क्या फायदा?”
इस हादसे ने एक बार फिर बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में सुरक्षा और गुणवत्ता के मुद्दे को सामने ला दिया है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुंबई के मुलुंड इलाके में मेट्रो कंस्ट्रक्शन स्लैब गिरने से हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं। राज्य सरकार मृतकों के परिवार वालों को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देगी और घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की है।


