बांद्रा स्टेशन पर सनसनीखेज घटना
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में मामूली विवाद अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। बीते सप्ताह मालाड स्टेशन पर कॉलेज के प्रोफेसर की हत्या के बाद बुधवार की रात बांद्रा स्टेशन पर दो यात्रियों के बीच हुई लड़ाई में एक तीसरा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हुए उक्त निर्दोष यात्री की एक आंख की रोशनी हमेशा के लिए छीन गई है।
घटना रात करीब 11 बजे की है। दो यात्रियों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि उनमें से एक ने रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर दूसरे पर फेंक दिया। पत्थर लक्ष्य से चूक गया और ट्रेन के अंदर बैठे 28 वर्षीय निश्चांत रत्नकुमार खत्री की आंख पर जा लगा। शिकायतकर्ता निश्चांत एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं और दादर (पूर्व) के सेनापति बापट मार्ग स्थित उपेंद्र नगर क्षेत्र में रहते हैं। 3 फरवरी 2026 को दिनभर का काम खत्म करने के बाद निश्चांत रात 10:40 बजे अंधेरी स्टेशन से चर्चगेट फास्ट लोकल में सवार होकर दादर जा रहे थे।
लोकल में सीट को लेकर हुआ विवाद
अंधेरी स्टेशन से ही लोकल ट्रेन में दो अज्ञात व्यक्तियों के बीच बैठने को लेकर विवाद चल रहा था। ट्रेन जब रात करीब 11 बजे बांद्रा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंची, तभी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
ट्रैक से उठाया पत्थर, आंख पर लगा वार
दोनों में से एक व्यक्ति ट्रेन से कूदकर रेलवे ट्रैक पर गया और वहां से पत्थर उठाकर दूसरे यात्री की ओर फेंकना शुरू किया। पहला पत्थर लक्ष्य से चूक गया, जिससे कोच में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान दूसरा पत्थर सीधे निश्चांत खत्री की बाईं आंख पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
फिर नहीं मिली सही समय पर मदद
निश्चांत ने बताया कि चोट के बाद आंख से लगातार खून बह रहा था, लेकिन किसी यात्री ने जंजीर खींच कर ट्रेन को रोकने का प्रयास नहीं किया। उन्हें खुद चलती ट्रेन से उतरकर खून टपकाते हुए स्टेशन मास्टर के कार्यालय तक जाना पड़ा। वहां भी करीब 45 मिनट तक बैठाए रखा गया।
अस्पतालों में भी लापरवाही का आरोप
पहले भाभा अस्पताल ले जाया गया, जहां आरएमओ मौजूद नहीं थे। बाद में उन्हें हिंदुजा अस्पताल रेफर किया गया, जहां असली इलाज शुरू हुआ।
पुलिस का अलग दावा
बांद्रा रेलवे पुलिस का दावा है कि घटना के तुरंत बाद नाइट ड्यूटी पर तैनात रेलवे पुलिस कर्मियों ने निश्चांत को बिना देर किए 108 एम्बुलेंस की मदद से भाभा अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया।
36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
लोकल ट्रेन में हुई पत्थरबाजी की सनसनीखेज घटना में बांद्रा रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी और खुफिया सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शाहाजी निकम, पुलिस उपनिरीक्षक एम.बी. बच्छाव और अपराध प्रकटीकरण टीम द्वारा की गई। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के दादर इलाके में होने की पुख्ता जानकारी मिली।
दादर से हुई गिरफ्तारी
जीआरपी की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दादर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेंद्र वंशराज बौद्ध (उम्र 26 वर्ष) बताया। पालघर जिले के वसई इलाके का निवासी आरोपी मजदूरी करता है। उसका मूल गांव खुरासो, तहसील फूलपुर, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) है। आरोपी को 5 फरवरी 2026 को दोपहर 2 बजे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर, उप-आयुक्त सुनीता सालुंके-ठाकरे और सहायक पुलिस आयुक्त किशोर शिंदे के मार्गदर्शन में की गई। बांद्रा रेलवे पुलिस स्टेशन के अपराध प्रकटीकरण दल और कई पुलिस कर्मियों ने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया।
डॉक्टरों ने किया रोशनी न लौटने का दावा
निश्चांत को गंभीर चोट आई। डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि उनकी बाईं आंख की रोशनी वापस नहीं आएगी। पत्थर लगने से आंख के नीचे 4 सेंटीमीटर लंबा और करीब एक इंच गहरा घाव हुआ, आंख और रेटिना पर भी टांके लगाने पड़े।
जिंदगी और करियर पर संकट
एमबीए डिग्रीधारी निश्चांत एक निजी कंपनी में अकाउंट्स विभाग में कार्यरत थे और जल्द ही उनकी सगाई होने वाली थी। उन्होंने कहा, “मैं अपने माता-पिता का इकलौता बेटा हूं, इस घटना ने मेरी पूरी जिंदगी बर्बाद कर दी। अब नौकरी जाने का भी डर है।”
लोकल ट्रेनों में बढ़ती हिंसा पर चिंता
इस घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल ट्रेनों में बढ़ते गुस्से और हिंसक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्योंकि इससे कुछ ही दिन पहले ही मालाड स्टेशन पर लोकल ट्रेन से उतरने के विवाद में एनएम कॉलेज के प्रोफेसर की हत्या की घटना सामने आई है। पुलिस का कहना है कि लोकल ट्रेनों में छोटी-छोटी बातों पर हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस ने यात्रियों से संयम बरतने और किसी भी विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
