मुंबई: आगामी मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों के लिए लंबे समय से चला आ रहा शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सीटों के बंटवारे का पेच आखिरकार सुलझ गया है। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि से कुछ ही घंटा पहले, सोमवार देर रात दोनों पार्टियों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन के आधिकारिक फॉर्मूले की घोषणा की। मुंबई की कुल 227 सीटों के लिए हुए इस समझौते के तहत भारतीय जनता पार्टी (BJP) 137 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। जबकि शिवसेना 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
शुरुआती चर्चाओं में शिवसेना ने 125 सीटों की मांग रखी थी, लेकिन लंबी खींचतान के बाद सहमति 90 सीटों पर बनी। दोनों दलों के नेताओं ने विश्वास जताया है कि यह गठबंधन 150 से अधिक सीटें जीतकर बीएमसी की सत्ता पर काबिज होगा और मुंबई को ‘महायुति’ का मराठी मेयर मिलेगा।
अंतिम समय तक बना रहा सस्पेंस
पिछले 10 दिनों से दोनों दलों के बीच बैठकों का दौर जारी था। 227 में से 150 सीटों पर पहले ही सहमति बन गई थी, लेकिन शेष 77 सीटों को लेकर गतिरोध बना हुआ था। विशेष रूप से पिछले दो-तीन दिनों से 20 सीटों पर मामला अटका हुआ था। मंगलवार (कल) दोपहर 3 बजे तक नामांकन की आखिरी तारीख होने के कारण कार्यकर्ताओं और नेताओं में बेचैनी बढ़ रही थी, जिसे इस समझौते ने अब राहत में बदल दिया है।
सहयोगी दलों और रिपाइं (आठवले) की स्थिति
गठबंधन में रामदास आठवले की पार्टी रिपाइं (ए) भी शामिल है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया गया कि भाजपा और शिवसेना अपने-अपने कोटे की सीटों में से ही मित्र दलों को सीटें आवंटित करेंगे। हालांकि, रिपाइं को कितनी और कौन सी सीटें मिलेंगी, इसकी तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है। भाजपा के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम और शिवसेना सांसद राहुल शेवाले ने साझा बयान में कहा कि अब कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और मंगलवार दोपहर 3 बजे से पहले सभी उम्मीदवार भारी शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
बीजेपी के प्रमुख उम्मीदवारों की सूची (प्रमुख वार्ड)
बीजेपी ने अपने कोटे की सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है। कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
| वार्ड क्र. | उम्मीदवार का नाम | वार्ड क्र. | उम्मीदवार का नाम |
|---|---|---|---|
| 2 | तेजस्वी घोसालकर | 69 | सुधा सिंह |
| 7 | गणेश खनकर | 70 | अनीश मकवानी |
| 10 | जितेंद्र पटेल | 72 | ममता यादव |
| 13 | रानी त्रिवेदी | 74 | उज्ज्वला मोदक |
| 14 | सीमा शिंदे | 76 | प्रकाश मुसले |
| 15 | जिग्ना शाह | 84 | अंजलि सामंत |
| 16 | श्वेता कोरगांवकर | 85 | मिलिंद शिंदे |
| 17 | शिल्पा संगोरे | 87 | महेश पारकर |
| 19 | दीक्षा कवठणकर | 95 | सहाष आडिवरेकर |
| 20 | बाला तावड़े | 97 | हेतल गाला |
| 23 | शिवकुमार झा | 99 | जितेंद्र राउत |
| 24 | स्वाति जायसवाल | 100 | स्वप्ना म्हात्रे |
| 25 | निशा परुलेकर | 103 | हेतल गाला मरवेकर |
| 31 | मनीषा यादव | 104 | प्रकाश गंगाधर |
| 36 | सिद्धार्थ शर्मा | 105 | अनीता वैती |
| 37 | प्रतिभा शिंदे | 106 | प्रभाकर शिंदे |
| 43 | विनोद मिश्रा | 107 | नील सोमैया |
| 44 | संगीता ज्ञानमूर्ति शर्मा | 108 | दीपिका घाग |
| 46 | योगिता कोली | 111 | सारिका पवार |
| 47 | तेजिंदर सिंह तिवाना | 116 | जागृति पाटिल |
| 52 | प्रीति साटम | 122 | चंदन शर्मा |
| 57 | श्रीकला पिल्लै | 126 | अर्चना भालेराव |
| 58 | संदीप पटेल | 127 | अलका भगत |
| 59 | योगिता दाभाडकर | 129 | अश्विनी माटे |
| 60 | सायाली कुलकर्णी | 135 | नवनाथ बन |
| 63 | रूपेश सावरकर | 144 | बबलू पांचाल |
| 68 | रोहन राठौड़ | 152 | आशा मराठे |
| 154 | महादेव शिगवान | 205 | वर्षा गणेश शिंदे |
| 172 | राजश्री शिरोडकर | 207 | रोहिदास लोखंडे |
| 174 | साक्षी कनौजिया | 214 | अजय पाटिल |
| 185 | रवि राजा | 215 | संतोष धोले |
| 190 | शीतल गंभीर देसाई | 218 | स्नेहल तेंदुलकर |
| 195 | राजेश कंगने | 219 | सनी सनप |
| 196 | सोनाली सावंत | 221 | आकाश पुरोहित |
| 200 | संदीप पनसांडे | 226 | मकरंद नार्वेकर |
| 227 | हर्षिता नार्वेकर |
