मुंबई. एमएमआर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मुंबई और ठाणे जिलों से हिंसा की दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक की नृशंसता पूर्वक हत्या कर दी गई जबकि एक अन्य घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पहली घटना मुंबई के भांडुप क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां एक 23 वर्षीय युवक की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई, वहीं ठाणे में पुरानी रंजिश के चलते परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों पर चॉपर से हमला किया गया।
मामूली विवाद का जानलेवा अंजाम
भांडुप पूर्व स्थित चामुंडा नगर में 14 फरवरी को तड़के मामूली विवाद के बाद हर्ष तुषार ठाकुर (23) नामक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना रात 1:15 से 1:45 बजे के बीच वी.के. कृष्णा मेनन कॉलेज के पास हुई। हमलावर आरोपी की पहचान रोहित खरात के रूप में सामने आई है। बताया जा रहा है कि हर्ष अपने दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी रोहित वहां पहुंचा और धारदार चाकू से हर्ष पर हमला कर दिया। जब दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। हर्ष को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे ‘डेड ऑन अराइवल’ घोषित कर दिया। कंजुरमार्ग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परीक्षा देकर निकले छात्रों पर चॉपर से हमला
दूसरी घटना ठाणे के सावरकर नगर इलाके की है, जहाँ शनिवार दोपहर करीब 2 बजे 12वीं कक्षा के दो छात्रों पर हमला किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, अकिब हकीम और हिजाब खान (दोनों 12वीं के परीक्षार्थी) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, पीड़ित और हमलावर पहले एक ही इलाके (पडवल नगर) में रहते थे और उनके बीच पुराना विवाद था। बताया जा रहा है कि शनिवार को छात्र जब ज्ञानोदय स्कूल से परीक्षा देकर बाहर निकले थे, तभी 4 से 5 युवकों के समूह ने उन्हें घेर लिया और चॉपर (बड़े चाकू) से हमला कर दिया। दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज ठाणे जिला सरकारी अस्पताल में चल रहा है। वर्तक नगर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
