मुंबई. शिवाजी नगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत गोवंडी इलाके में प्रेम त्रिकोण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें 19 वर्षीय युवती शिफा नबी शेख की मंगलवार को भरी दोपहरी में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को महज 8 घंटे के भीतर सुलझाते हुए बुधवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में 26 वर्षीया मुख्य आरोपी तबस्सुम उर्फ तब्बो शेख को उसके 23 वर्षीय भाई साजिद शेख ने देसी कट्टा देकर शिफा को गोली मारने के लिए उकसाया था। पुलिस ने तबस्सुम और साजिद के साथ कलाम चौधरी (19) को भी अपराध में सहयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इसी तरह इस मामले में गिरफ्तार 28 वर्षीय नदीम उर्फ रिजवान शमशुद्दीन शेख चौथा आरोपी है।
प्रेम त्रिकोण की खौफनाक परिणति
गोवंडी के बैगनवाडी क्षेत्र के फुरकानिया मस्जिद इलाके में घटित हुई यह घटना प्रेम त्रिकोण का परिणाम बताई जा रही है। इसमें नदीम और तबस्सुम के बीच लगभग 6 साल से प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों लिव इन पार्टनर के रूप में रह रहे थे। परिणाम स्वरूप तबस्सुम दो महीने की गर्भवती है। इस बीच करीब 8 महीने पहले नदीम की शिफा से दोस्ती हो गई। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे शिफा को तबस्सुम ने बहाने से अपने घर बुलाया था। शिफा अपने प्रेमी नदीम के साथ तबस्सुम के रिश्ते को लेकर स्पष्टीकरण मांगने पहुंची थी। वहां शिफा और तबस्सुम के बीच तीखी बहस हुई। इसी दौरान तबस्सुम के भाई साजिद ने उसे देसी कट्टा थमाया और गोली चलाने को कहा। तबस्सुम ने बेहद करीब से शिफा के गाल पर गोली चला दी। गोली उसकी खोपड़ी में घुस गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आरोपियों का ड्रग्स कनेक्शन
बताया जा रहा है कि सभी आरोपियों का ड्रग्स (एमडी) कारोबार से दोनों का कनेक्शन सामने आया है। हम पेशा (नशे का कारोबार) होने के कारण ही नदीम और तबस्सुम एक दूसरे के करीब आए थे। लेकिन बाद में नदीम का शिफा से भी प्रेम संबंध बन गया।
तबस्सुम ने दी थी धमकी
तीन महीने पहले शिफा और तबस्सुम के बीच नदीम को लेकर पहली बार झगड़ा हुआ था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तबस्सुम और साजिद ने शिफा को धमकी दी थी। तनाव बढ़ने के कारण शिफा के परिवार ने उसे उत्तर प्रदेश के फैजाबाद स्थित अपने गृह नगर भेज दिया था। लेकिन शिफा को नदीम से दूर रहना मंजूर नहीं था। थोड़े समय बाद ही शिफा ने यूपी में भयंकर ठंड का बहाना बनाया और अपने पिता को फोन कर कहा कि वह वहां की सर्दी बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। वह 12 जनवरी को मुंबई वापस आ गई। परिजन तबस्सुम से झगड़े से बचने के लिए उसे घर में ही रख रहे थे।
पिता का दर्दभरा बयान
शिफा के पिता नबी शेख, जो एक सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं, ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जब वह काम पर जा रहे थे, शिफा ने कहा कि वह थोड़ी देर में नाश्ता करने बाहर जाएगी। एक घंटे के भीतर उनकी पत्नी यासमीन का फोन आया कि शिफा को गोली मार दी गई है। नबी तुरंत घर पहुंचे और पता लगाया कि शिफा को अस्पताल ले जाया गया है। स्थानीय लोगों ने घायल शिफा को शताब्दी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जब तक दंपत्ति अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों ने शिफा को मृत घोषित कर दिया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए जेजे अस्पताल भेजा गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त समीर शेख के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अंघा सातवसे की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नदीम को लोनावला से गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपियों को गोवंडी से ही पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की है। घटनास्थल से खून के धब्बे, एक मानव दांत, खाली मैगजीन और फायर किया हुआ कारतूस भी बरामद किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच
पुलिस के अनुसार, नदीम आपराधिक पृष्ठभूमि का है। उसका एक रिश्तेदार मकोका केस में जेल में है और नदीम का पहले भी फायरिंग की घटना में शामिल होने का इतिहास रहा है, हालांकि इसकी जांच चल रही है। पुलिस जांच में ड्रग्स सप्लाई चेन और अन्य संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
कानूनी कार्रवाई
सभी चारों आरोपियों – नदीम, तबस्सुम, साजिद शेख और कलाम चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या और आपराधिक साजिश के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को बुधवार को कुर्ला कोर्ट में पेश किया गया, जिसने उन्हें 18 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि तबस्सुम को पिस्टल कहां से मिली।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
