मुंबई. भारी बारिश के कारण मुंबई व आसपास क्षेत्र में स्थित पहाड़ी झरने सक्रिय हो गए हैं. ये झरने मुंबई एमएमआर के पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित करने लगे हैं. खारघर के सेक्टर 6 स्थित पांडव कड़ा झरना मुंबई के करीब स्थित ऐसे ही पहाड़ी झरनों में से एक है, जहां सोमवार को भारी संख्या में लोग प्राकृतिक झरने में नहाने का लुत्फ उठाने पहुंचे थे. इस दौरान मुंबई के साइन कोलीवाड़ा निवासी 5 युवक एक अनहोनी का शिकार होने से बाल बाल बच गए. झरने के जल का परवाह अचानक तेज होने के कारण ये 5 युवक तेज धार के बीच स्थित चट्टानों में फंस गए थे. बताया जा रहा है कि जमीन की सतह से लगभग 600 से 700 मीटर नीचे झरने नेवई युवक फंसे थे. पानी का बहाव तेज होने के कारण वे बाहर नहीं निकल पा रहे थे.लेकिन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची खारघर पुलिस और दमकल कर्मियों ने रस्सी की मदद से पांच युवाओं को सुरक्षित बचा लिया है. इनकी पहचान महेश सुभाष शिरगढ़ (22), राकेश वेलमुरगन (18), प्रतीक जोग वया (18), रमेश चिंगमेटे (19), साहिल शेख (21) के रूप में सामने आई है.

