माफी, 500 KM नई सड़कें और मुंबई को ग्रीन सिटी बनाने का वादा!
मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनिल तटकरे ने मुंबई महानगर पालिका चुनाव के लिए ‘सबके लिए मुंबई’ की थीम पर आधारित व्यापक घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि “हमें अपनी सीमा का एहसास है, लेकिन अपनी एक अलग पहचान के साथ हम इस चुनाव में उतरे हैं। सभी मुंबईकर हमारे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का सहयोग करें।” वानखेड़े स्टेडियम के एमसीए लॉन्ज में आयोजित इस कार्यक्रम में घोषणापत्र की जानकारी देते हुए तटकरे ने कहा, “‘आपली मुंबई’ यानी ‘सर्वांसाठी मुंबई’। गरीब, मध्यम वर्ग और अमीर सबको समान अवसर। जनसहभाग के साथ मुंबईकरों की स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर शहर में सामाजिक सद्भाव बनाए रखेंगे।” इस दौरान मुंबई विभागीय एनसीपी चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री नवाब मलिक, विधायक सना मलिक-शेख, जीशान सिद्दीकी, महिला प्रदेश अध्यक्ष रूपाली चाकणकर, मुंबई प्रभारी शिवाजीराव नलावडे एवं सिद्धार्थ कांबले, संजय तटकरे, संतोष धुवाली आदि मौजूद थे।
मुंबई से पुराना रिश्ता
उन्होंने पूर्व मंत्री नवाब मलिक, विधायक सना मलिक और पूर्व विधायक ज़िशान सिद्दीकी के कार्यों का जिक्र किया। साथ ही कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार और राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष प्रफुल पटेल को भी शहर की समस्याओं की गहरी जानकारी है। तो वहीं घोषणापत्र जारी करते हुए नवाब मलिक ने कहा कि यह दस्तावेज़ मुंबईकरों के सपनों को साकार करने का रोडमैप है। उन्होंने मतदाताओं से पार्टी को मजबूत करने की अपील की। 21 फरवरी को होने वाले बीएमसी चुनाव में यह घोषणापत्र एनसीपी के मुख्य एजेंडे के रूप में उभरा है।
उम्मीदवारों में ‘सोशल इंजीनियरिंग
सभी धर्मों और भाषाई लोगों को मौका विरोधियों द्वारा केवल अल्पसंख्यकों को टिकट देने के आरोपों का खंडन करते हुए सुनील तटकरे ने आंकड़ों के साथ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि पार्टी ने मुंबई के सर्वधर्मसमभाव चरित्र का सम्मान किया है। एनसीपी ने गरीब, मध्यम वर्ग और अमीर—तीनों वर्गों को समान अवसर देने का विजन पेश किया है। 94 उम्मीदवारों में शामिल हैं:
56 मराठी भाषिक
21 उत्तर भारतीय
24 मुस्लिम
6 अन्य (ईसाई, तेलुगु, तमिल, बोरा समाज)
इनमें 50 महिला उम्मीदवार और 17 ओबीसी व 12 अनुसूचित जाति के उम्मीदवार शामिल हैं।
घोषणापत्र के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:
बड़ी राहत: 700 वर्ग फुट तक की आवासीय संपत्तियों का प्रॉपर्टी टैक्स पूरी तरह माफ।
बुनियादी ढांचा: अगले 5 साल में 500 किलोमीटर नई सड़कें बनाना और मौजूदा सड़कों का आधुनिकीकरण। एआई आधारित स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम।
जल आपूर्ति: पुरानी चालों व झुग्गियों में मुफ्त पानी की आपूर्ति। 24×7 शुद्ध पानी और ‘जल समृद्ध नगर’ अभियान।
कचरा प्रबंधन: ‘जीरो वेस्ट’ नीति, नदियों व नालों की सफाई का ‘नदी पुनर्जीवन’ अभियान। कचरा अलग करने वालों को ‘वेस्ट क्रेडिट सर्टिफिकेट’।
स्वास्थ्य: हर वार्ड में एडवांस्ड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सभी एमसी अस्पतालों को UHWC में बदलना, स्कूली बच्चों को हेल्थ कार्ड।
शिक्षा: म्युनिसिपल स्कूलों का डिजिटलीकरण, डिजिटल क्लासरूम, मुफ्त पोषण आहार। करियर गाइडेंस सेंटर।
पर्यावरण: मुंबई को ग्रीन सिटी बनाने के लिए 10 लाख नए पेड़। ‘क्लाइमेट रेजिलिएंट मुंबई’ योजना।
परिवहन: दिव्यांगों के लिए मुंबई मेट्रो में पूर्ण सुविधा व छूट। सभी फुटपाथ अतिक्रमण-मुक्त।
आवास: 1 लाख नए घर बनाने और एसआरए योजना तेजी से लागू करने का वादा।
महिला सुरक्षा: वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाना और सीसीटीवी नेटवर्क बढ़ाना।
युवा व रोजगार: म्युनिसिपल स्तर पर जॉब फेयर और अपरेंटिसशिप प्रोग्राम।
पारदर्शिता: नागरिकों की शिकायतों के निपटारे के लिए 24×7 हेल्पलाइन और ई-गवर्नेंस।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
