मुंबई: पालघर जिले से सोशल मीडिया स्टेटस के कारण हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नालासोपारा पश्चिम स्थित हनुमान नगर में रहने वाली एक विवाहित महिला द्वारा अपनी शादी की सालगिरह पर लगाए गए व्हाट्सऐप स्टेटस से शुरू हुआ विवाद बढ़ गया और उक्त विवाद में महिला के शौहर को अपनी जान गंवानी पड़ी।
घटना में 24 वर्षीय आफताब शेख की चाकू से हमला करके हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे की है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
आपत्तिजनक टिप्पणी बनी विवाद की वजह
नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर में रहने वाले आफताब शेख अपनी पत्नी शबाना शेख (22) के साथ रहते थे। शुक्रवार को उनकी शादी की सालगिरह थी। इसी अवसर पर शबाना ने व्हाट्सऐप पर सालगिरह का स्टेटस लगाया था। इस स्टेटस पर मेहंदी हसन शेख (22) नामक युवक ने अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
पहले एक ही मोहल्ले में रहते थे
मृतक और आरोपी पहले एक-दूसरे के पड़ोसी भी रह चुके थे। दोनों पहले एक ही मोहल्ले में रहते थे। इसलिए आफताब और शबाना आरोपी मेहंदी को जानते थे। लेकिन टिप्पणी से नाराज शबाना और आफताब जब ऐतराज जताने हनुमान नगर स्थित मेहंदी के घर पहुंचे तो वहां उनके बीच तीखी नोंकझोंक हो गई, जो बाद में गंभीर विवाद में बदल गई।
चाकू से हमला, मौके पर मौत
विवाद के दौरान आरोपी मेहंदी हसन ने आफताब शेख पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आफताब की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी है आदतन अपराधी
पुलिस के मुताबिक आरोपी मेहंदी हसन शेख की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और उसे पहले भी पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विशाल वळवी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इलाके में फैली दहशत
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
