प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में होगा देश का विकास
महाराष्ट्र को बजट का बंपर फायदा
मुंबई: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को साफ किया कि मुक्त व्यापार करार (एफटीए) में भारत अपने हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में किसानों समेत किसी भी वर्ग के हितों को ठेस नहीं पहुंचने दी जाएगी।
गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर भारत दुनिया के 38 देशों के साथ मुक्त व्यापार करार की ओर अग्रसर है, जिससे वैश्विक व्यापार का 70 प्रतिशत हिस्सा भारत के लिए खुल गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ये करार भारत के लिए अधिकतम लाभकारी होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन करारों में किसानों, डेयरी क्षेत्र और जीएम फूड को शामिल न करके उनके हितों की पूरी तरह रक्षा की जा रही है। इससे देश के निर्यात, रोजगार और निवेश क्षेत्र को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा।
बजट में महाराष्ट्र के विकास पर विशेष जोर
केंद्रीय मंत्री ने केंद्रीय बजट 2024-25 को महाराष्ट्र और मुंबई के लिए “गेम चेंजर” बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में महाराष्ट्र को रेलवे परियोजनाओं के लिए 24 हजार करोड़ रुपए की विशेष तरजीह दी गई है। पुणे और नागपुर में ग्रोथ हब के रूप में विकास किया जाएगा, जिसके लिए प्रत्येक शहर को पांच हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई-पुणे और पुणे-हैदराबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की योजना बनाई जा रही है। पीयूष गोयल ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल, वडावन बंदरगाह का विकास और तीसरे हवाई अड्डे के क्रियान्वयन जैसी परियोजनाओं से सीधे तौर पर महाराष्ट्र को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि बजट में तीन नए केमिकल पार्क और टेक्सटाइल पार्क की स्थापना का प्रस्ताव है, जिससे राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कांग्रेस पर बोला हमला
पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास कोई ठोस योजना या एजेंडा नहीं है, सिर्फ अफवाहें फैलाकर सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर किसानों में भ्रम पैदा कर रही है, लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व वाले गठबंधन को जनता ने पहले ही नकार दिया है, इसलिए उनके ये निराशाजनक प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश अमृतकाल में विकसित भारत के अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version