मुंबई. राज्यसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में जारी सस्पेंस अब लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (मविआ) की एकमात्र सीट के लिए वरिष्ठ नेता शरद पवार के नाम पर सहमति बनती दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना (ठाकरे गुट), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी—तीनों दलों के बीच शरद पवार के नाम पर लगभग एकमत हो गया है।
महाराष्ट्र से 7 सीटें
राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है। 16 मार्च को मतदान होगा। महाराष्ट्र से कुल 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। मौजूदा गणित के मुताबिक, महायुति को 6 और महाविकास आघाड़ी को 1 सीट मिलने की संभावना है।
महायुति का गणित: 6 सीटों पर नजर
महायुति में भाजपा को 4, शिवसेना (शिंदे गुट) को 1, राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजीत पवार गुट) को 1 सीट मिलने की संभावना जताई जा रही है। राष्ट्रवादी की ओर से पार्थ पवार का नाम लगभग तय माना जा रहा है, हालांकि भाजपा और शिंदे गुट के उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं हुई है।
एमवीए की एकमात्र सीट पर शरद पवार की दावेदारी
एमवीए की एक सीट के लिए बीते दो हफ्तों से चर्चा तेज थी। शिवसेना (ठाकरे गुट) और कांग्रेस, दोनों ने संख्याबल के आधार पर दावा किया था। लेकिन शरद पवार द्वारा एक बार फिर राज्यसभा जाने की इच्छा जताने के बाद तस्वीर बदली। राष्ट्रवादी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटील और सांसद सुप्रिया सुले ने उद्धव ठाकरे और दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व से बातचीत की। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व से समर्थन मिलने के बाद ठाकरे गुट ने भी शरद पवार के नाम पर सहमति जता दी है।
भाजपा और शिंदे गुट के फैसले का इंतजार
नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख में अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। भाजपा ने हाल ही में 6 राज्यों के 9 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, लेकिन महाराष्ट्र के नाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं। वहीं, शिंदे गुट से किसे मौका मिलेगा, इस पर भी राजनीतिक हलकों की नजर टिकी हुई है।
देशभर में 37 सीटों के लिए चुनाव
देशभर में कुल 37 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इसमें महाराष्ट्र से सबसे अधिक 7 सीटें हैं। इसी तरह तमिलनाडु से 6, बिहार और पश्चिम बंगाल से 5-5, ओडिशा से 4, असम से 3, तेलंगाना से 2, जबकि छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से 1-1 सीट पर चुनाव होगा। अब सबकी निगाहें आधिकारिक घोषणाओं और नामांकन प्रक्रिया पर टिकी हैं।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
