मुंबई. मुंबईकरों की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन की यात्रा तीन यात्रियों के लिए एक बार फिर से जानलेवा सिद्ध हुई. गुरुवार को मध्य रेलवे के सैंडहर्स्ट रोड रेलवे स्टेशन के पास पटरियों के बीच हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत हो गई और एक पुरुष और एक अन्य महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, सैंडहर्स्ट रोड रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में चढ़ने के लिए पटरियों के बीच चल रहे 4 यात्रियों की तेज रफ्तार लोकल ट्रेन की चपेट में आ गए. यह हादसा गुरुवार की शाम लगभग 7 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि भीड़ होने की वजह से पटरियों के रास्ते प्लेटफार्म पर जा रहे 4 लोग फास्ट लाइन (3 नंबर) से अंबरनाथ की ओर जा रही तेज रफ्तार लोकल ट्रेन की चपेट में आ गए. सभी घायलों को सर जे.जे. अस्पताल ले जाया गया. जिनमें से तीन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे में एक महिला एवं एक पुरुष की मौत होने की पुष्टि हुई है. हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं.
हड़ताल से बिगड़े हालात
बताया जा रहा है कि गुरुवार की घटना से पहले सेंट्रल रेलवे पर पहले से ही तनाव का माहौल था. कुछ महीने पहले मुंब्रा में हुए रेल हादसे 4 यात्रियों की दर्दनाक मौत हुई थी. उस मामले में दो इंजीनियरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इसी के विरोध में रेल कर्मचारियो की यूनियन ने गुरुवार की शाम अचानक फ्लैश स्ट्राइक कर दी थी. इसके चलते शाम के व्यस्ततम समय में मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गईं. हजारों यात्री सीएसएमटी स्टेशन और अन्य जगहों पर फंसे रहे. सूत्रों के अनुसार, शाम 5:50 बजे कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया था और मोटरमैन व ट्रेन मैनेजरों को काम रोकने को कहा गया. करीब एक घंटे तक ट्रेनें ठप रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी. इसी अव्यवस्था के बीच प्लेटफार्म पर भीड़ बढ़ने से कई यात्री पटरियों के रास्ते प्लेटफार्म पर पहुंचने का प्रयास कर रहे थे और इसकी परिणति दो लोगों की हादसे में मौत के रूप में सामने आई.
सेंट्रल रेलवे के चीफ पीआरओ स्वप्निल नीला ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “सैंडहर्स्ट रोड स्टेशन पर चार यात्री ट्रेन की टक्कर से घायल हो गए. वे पटरियों पर चल रहे थे, जब ट्रेन आ गई. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।” जे.जे. अस्पताल की सीएमओ डॉ. श्वेता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों घायलों में से दो की मौत हो चुकी है. घायलों के नाम और स्थिति इस प्रकार हैं:
1) अज्ञात पुरुष – मृत घोषित
2) हेली मोहमाया (महिला, 19 वर्ष) – मृत घोषित
3) कैफ चोगले (पुरुष, 22 वर्ष) – घायल, अस्पताल में भर्ती, स्थिति पर नजर
4) खुशबू (महिला, 45 वर्ष) – घायल, अस्पताल में भर्ती
