मुंबई. महाराष्ट्र में औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्र को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा निवेश समझौता किया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में उद्योग विभाग और एएम इंटेलिजेंस लैब्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच 1 लाख 14 हजार करोड़ रुपये के निवेश का सामंजस्य करार (एमओयू) संपन्न हुआ.
मुंबई महानगर क्षेत्र में बनेगा ग्रीन डेटा सेंटर पार्क
इस समझौते के तहत मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में इंटिग्रेटेड ग्रीन डेटा सेंटर पार्क और एआई कंप्यूट हब विकसित किया जाएगा. यह परियोजना पूरी तरह अक्षय ऊर्जा आधारित होगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. सरकार का मानना है कि यह प्रोजेक्ट महाराष्ट्र को डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा.
8 हजार युवाओं को रोजगार का अवसर
इस परियोजना से राज्य में लगभग 8 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे. इसमें सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट और ऑपरेशन्स टीम जैसे उच्च तकनीकी पद शामिल रहेंगे. इसके अलावा परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान करीब 2 हजार अतिरिक्त रोजगार भी सृजित होंगे.
500 मेगावाट क्षमता वाला होगा प्रोजेक्ट
यह परियोजना 500 मेगावाट क्षमता की होगी, जिसमें 2.5 लाख हाई कैपेसिटी एआई चिपसेट्स का उपयोग किया जाएगा. परियोजना का विकास दो चरणों में किया जाएगा. पहला चरण 200 मेगावाट क्षमता के साथ वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि दूसरा चरण 300 मेगावाट क्षमता के साथ वर्ष 2030 तक पूरा किया जाएगा.
आईटी और एआई क्षेत्र में महाराष्ट्र को मिलेगी मजबूती
यह प्रोजेक्ट राज्य की सूचना प्रौद्योगिकी नीति 2023 और हरित एकात्मिक डेटा सेंटर पार्क नीति 2024 के अंतर्गत विकसित किया जाएगा. सरकार का उद्देश्य महाराष्ट्र को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाना है.
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री समिति कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डॉ. पी. अन्बलगण, उद्योग विकास आयुक्त दीपेंद्रसिंह कुशवाह, सहसचिव डॉ. श्रीकांत पुलकुंडवार, सहसचिव लक्ष्मीकांत ढोके तथा एएम इंटेलिजेंस लैब्स के अध्यक्ष अनिल चलमलाशेट्टी, संचालक मौर्य पायदा और उपाध्यक्ष पंकज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
