Hindi News / Crime / Featured

उड़न खटोले’ में दो दिन पड़ा था दो करोड़ का सोना : निकालने के दौरान तस्कर धराया

Article Top Ad

मुंबई. आधुनिक उड़न खटोले अर्थात हवाई जहाज विदेशों से सोना और मादक पदार्थों की तस्करी का आसान माध्यम बन गए हैं. कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट तथा राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) जैसी एजेंसियों की तमाम सतर्कता के बाद तस्कर तस्करी के नए नए तरीके अपना कर जांच अधिकारियों को झटका दे रहे हैं. अबू धाबी से लगभग दो करोड़ रुपए का सोना लेकर मुंबई पहुंचे ऐसे ही एक आरोपी की तस्करी की तरकीब देखकर कस्टम अधिकारियों के होश उड़ गए. आरोपी ने सोना मुंबई में हवाई जहाज में ही छोड़ दिया था लेकिन दो दिन बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर सोना निकालने के दौरान कस्टम की टीम ने उसे दबोच लिया.
हवाई जहाजों में यात्रा करने वाले यात्रियों के पास से करोड़ों रुपए का ड्रग्स और सोना निरंतर पकड़ा जा रहा है लेकिन इसके बाद भी नई-नई तरकीब लगा कर तस्करी का तस्कर प्रयास कर रहे हैं. ऐसे ही एक सनसनीखेज मामले का खुलासा कस्टम की टीम ने किया है.
12 जून को आया था मुंबई
बताया जा रहा है उक्त तस्कर 12 जून को इंडिगो एयरलाइंस के विमान से आबुधाबी से 2 करोड़ रुपए से अधिक कीमत का सोना लेकर मुंबई आया था. लेकिन मुंबई में जांच सख्त होने की वजह से पकड़े जाने का खतरा था. इसलिए विमान से निकलते समय सोना साथ ले जाने की बजाय उसन विमान की सीट के नीचे ही छिपा दिया था.
कर रहा था विमान की लाइव ट्रैकिंग
मुंबई हवाई अड्डे से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद आरोपी उस विमान की अगली उड़ान के लिए लाइव ट्रैकिंग करने लगा. आगे की योजना के अनुसार, विमान से सोना निकालने के लिए उसने उसी विमान में फिर से 14 जून का वही सीट बुक कराया. वह विमान से कोलकाता होते हुए चेन्नई पहुंच गया. इस दौरान उसने सीट के नीचे छिपाया सोना निकाल लिया लेकिन एयरपोर्ट से बाहर निकलने के दौरान कस्टम की टीम ने शक के आधार पर उसे रोक लिया. उसके सामान की तलाशी में लगभग दो करोड़ रुपए का सोना (पेस्ट के रूप में) बरामद हुआ. हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने तस्करी का यह पूरा सफर फर्जी आधार कार्ड की मदद से तय किया था.

Article Inline Ad
Article Bottom Ad