Hindi News / Crime / Entertainment

मुंबई फ़िल्मसिटी में आग से अफरातफरी : अनुपमा का सेट हुआ खाक!

Article Top Ad

मुंबई. गोरेगांव -पूर्व के संतोष नगर स्थित फ़िल्मसिटी में सोमवार को सुबह आग लगने से अफरातफरी मच गई. बताया जा रहा है कि आग के कारण लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘अनुपमा’ के सेट का बड़ा हिस्सा खाक हो गया.
यह घटना तड़के लगभग 5 बजे हुई, जब सेट पर मौजूद कुछ लोगों ने धुआं उठते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी कलाकार एवं क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे. सही समय पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और दमकल कर्मियों तत्परता दिखाते हुए कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. फिलहाल आग को दोबारा भड़कने से रोकने के लिए इलाके में कूलिंग ऑपरेशन जारी है.
शर्ट सर्किट के कारण लगी आग!
ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी, लेकिन मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा.
प्रभावित होगा शेड्यूल
‘अनुपमा’ एक लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक है, जिसे रोजाना लाखों दर्शक देखते हैं. इस तरह की घटना से न केवल सेट को नुकसान पहुंचा है, बल्कि शूटिंग शेड्यूल भी प्रभावित हो सकता है. मेकर्स द्वारा आगे की योजना जल्द साझा किए जाने की संभावना है.
जांच की मांग
‘ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर एक पोस्ट साझा करके घटना की जानकारी और मामले की जांच के बाद सख्त कार्रवाई की मांग की है.

एसोसिएशन ने बताई घटना की वजह
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (ए.आई.सी.डब्ल्यू.ए) के एक्स पोस्ट में लिखा गया है कि मुंबई के फिल्म सिटी में मशहूर टीवी सीरियल अनुपमा के सेट पर आज सुबह 5:00 बजे भीषण आग लग गई. सुबह 7:00 बजे शूटिंग शुरू होने से ठीक दो घंटे पहले आग ने सेट को पूरी तरह से नष्ट कर दिया. आग लगने के समय उस दिन की शूटिंग की तैयारियां चल रही थीं. घटना के समय कई कर्मचारी और क्रू मेंबर फ्लोर पर मौजूद थे. शुक्र है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. हालांकि,अगर शूटिंग तय समय पर शुरू होती तो स्थिति भयावह हो सकती थी, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता था. यह घटना मुंबई और उसके आसपास के फिल्म स्टूडियो में बार-बार आग लगने की घटनाओं की एक और दुखद याद दिलाती है.
किसकी है लापरवाही?
एआईसीडब्ल्यूए की पोस्ट में आगे लिखा गया, ‘निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउस और टेलीविजन चैनलों की घोर लापरवाही के कारण सेट पर बार-बार आग लग जाती है, जो लगातार सबसे बुनियादी अग्नि सुरक्षा उपायों को लागू करने में विफल रहते हैं. यह उदासीनता हर दिन हजारों कर्मचारियों की जान जोखिम में डालती है. अनुपमा का सेट तो जल गया, लेकिन यह चिंताजनक है कि आस-पास के कई सेट आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए. इससे और भी बड़ी आपदा हो सकती थी. एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने एक कड़ा बयान जारी कर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस आग की घटना की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच का आदेश देने की मांग की है. गुप्ता ने फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक और मुंबई के श्रम आयुक्त को तत्काल निलंबित करने की मांग की है. साथ ही उन्हें सुरक्षा नियमों को लागू करने में विफल रहने के लिए जिम्मेदार ठहराया है.
अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी
एआईसीडब्ल्यूए का आरोप है कि मिलीभगत के कारण लापरवाह हुए निर्माता जानबूझकर यहां के लिए निर्धारित अनिवार्य अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं करते हैं. इस वजह से हजारों श्रमिकों की जान बार-बार खतरे में पड़ती है. एआईसीडब्ल्यूए ने निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउस, टेलीविजन चैनल के साथ-साथ फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक और श्रम आयुक्त के खिलाफ आपराधिक प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की है.
बीमा के लिए आग!
इसके अलावा एआईसीडब्ल्यूए ने मांग की है कि जांच में यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि निर्माताओं या चैनल द्वारा अवैध रूप से बीमा का दावा करने के लिए कहीं जानबूझकर तो आग नहीं लगाई गई थी न?

Article Inline Ad
Article Bottom Ad