Hindi News / Crime / Featured

विवाहित की हत्या को दुर्घटना बताने का प्रयास : पति और ननद गिरफ्तार

Article Top Ad

मुंबई : पालघर जिले के विरार इलाके में एक 38 वर्षीय व्यक्ति और उसकी बहन को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और इसे बाथरूम में गिरने से हुई दुर्घटना बताने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह पति जयंतीलाल सोनी (38) और उसकी बहन दिवाली सोनी (37) ने पड़ोसियों की मदद से 36 वर्षीय कल्पना सोनी को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि मंदिर जाने की तैयारी के दौरान कल्पना बाथरूम में फिसल गई थी। अस्पताल पहुंचने पर कल्पना को मृत घोषित कर दिया गया।

बताई अलग-अलग कहानी
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दिवाली ने शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे उनके दरवाजे पर दस्तक दी और कहा कि उनकी भाभी बाथरूम में गिर गई हैं और खून बह रहा है। पड़ोसियों ने देखा कि कल्पना बाथरूम के फर्श पर बेहोश पड़ी थी, उसकी साड़ी ढीली थी, लेकिन उसने गहने पहने हुए थे और माथे पर सिंदूर लगा था। जब पड़ोसियों ने पूछा तो जयंतीलाल ने बताया कि कल्पना सुबह 5 बजे गिरी थी, लेकिन वह सो रहा था इसलिए उसे कुछ सुनाई नहीं दिया। उसने बताया कि उनकी सात वर्षीय बेटी उस समय उसकी मां के साथ थी। जयंतीलाल ने पड़ोसियों को कल्पना को सरकारी अस्पताल ले जाने की जगह निजी अस्पताल ले जाने पर जोर दिया।
चोटों के निशान से गहराया शक
महिला के शरीर पर चोटों के कई निशान देखकर डॉक्टरों ने दाल में काला होने के शक में पुलिस को सूचित कर दिया।पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसकी मौत अप्राकृतिक थी। पुलिस की जांच में जयंतीलाल और दिवाली का हत्या में शामिल होना साबित हुआ, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घर में रोज होते थे झगड़े
पड़ोसियों ने पुलिस को यह भी बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे और कल्पना को उसके ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। बोलिंज पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, “हमने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।”

Article Inline Ad
Article Bottom Ad