Hindi News / Crime / Featured

पतंग चोरी का शक : मासूम को नंगा करके पिता, लाइटर से जलाया

Article Top Ad

मुंबई: दक्षिण मुंबई के इमामवाड़ा इलाके से एक सदमा देने वाली और अमानवीय घटना सामने आई है, जहां पतंग चोरी के संदेह में एक 10 वर्षीय नाबालिग बच्चे को निर्वस्त्र करके लोहे की जाली से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि आरोपियों ने बच्चे के शरीर को लाइटर से जलाया भी, जिससे पूरे मोहल्ले में आक्रोश है।
पीड़ित बच्चे की मां की शिकायत पर जेजे मार्ग पुलिस ने दो आरोपियों – मुकीम आमिर हसन खान (58) और सलमान अब्दुल मजीद हवा (30) – के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीया शिकायतकर्ता सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका 10 वर्षीय बेटा स्कूल नहीं जाता और उनके काम में मदद करता है।
यूं हुई घटना
शिकायत के अनुसार, 14 जनवरी, 2026 की सुबह करीब 3 बजे बच्चा घर से बाहर निकला था। बाद में सुबह वह घर की छत पर सोता हुआ मिला। उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक स्थानीय निवासी ने माता-पिता को बताया कि इमामवाड़ा रोड स्थित कमाल खान चाल के सामने पतंग बेचने की दुकान पर उनके बेटे के साथ मारपीट की गई है। बच्चे से पूछने पर पता चला कि वह पतंग चुराने की कोशिश कर रहा था, तभी दुकान मालिक मुकीम खान ने उसे पकड़ लिया।
निर्मम यातना के आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मुकीम खान ने दुकान पर काम कर रहे दो अन्य लोगों के साथ मिलकर बच्चे के कपड़े जबरन उतार दिए, उसके दोनों हाथों को पीले रंग की रस्सी से लोहे की जाली से बांध दिया और बेरहमी से पीटा। इसके बाद सलमान हवा ने चोरी के बारे में पूछताछ करते हुए लाइटर से बच्चे की छाती और पीठ के बाईं ओर जलाया।
सामाजिक संगठनों का विरोध, इलाके में तनाव
मुकीम आमिर हसन खान, सलमान अब्दुल मजीद हवा और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। कई सामाजिक संगठनों ने नाबालिग के साथ हुई इस निर्मम पिटाई की कड़ी निंदा की है और बच्चे को न्याय दिलाने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad