Hindi News / Crime / Featured

चेंबूर में निर्माणाधीन इमारत से 6 मजदूर गिरे : दो की मौत, 4 घायल

Article Top Ad

मुंबई: चेंबूर इलाके से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। सुभाष नगर स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान आठवें माले से छह मजदूर नीचे गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।तो वहीं इस हादसे में 4 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुआ हादसा?
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर में एक ऊंची इमारत का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था। शनिवार सुबह मजदूर नियमित रूप से स्लैब या प्लास्टर का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से सभी छह मजदूर करीब 80 से 90 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
सुरक्षा नियमों की खुली अनदेखी
इस दुर्घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि ऊंचाई पर काम कर रहे किसी भी मजदूर ने सेफ्टी किट का इस्तेमाल नहीं किया था। नियमों के अनुसार, ऊंची इमारतों में काम के दौरान हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और सुरक्षा जाल अनिवार्य होता है। लेकिन प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा था। यदि मजदूरों ने सेफ्टी बेल्ट पहनी होती, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
राजावाड़ी अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे के तुरंत बाद अन्य मजदूरों और स्थानीय नागरिकों ने घायल मजदूरों की मदद की। सभी छह मजदूरों को खून से लथपथ हालत में घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कुछ की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा शुरू कर दिया है। हादसे के कारणों और सुरक्षा में लापरवाही को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad