Hindi News / Crime / Featured

कुर्ला रेलवे ट्रैक के पास मिला सिद्धार्थनगर के युवक का शव : हत्या की आशंका

Article Top Ad

मुंबई: कुर्ला रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बसावनपुर गांव निवासी शैलेंद्र कुमार (35) के रूप में हुई है, जो मुंबई में काम के सिलसिले में रह रहा था। वह पिछले चार दिनों से लापता था।
कांजूरमार्ग में रहता था शैलेंद्र
परिजनों के अनुसार, शैलेंद्र कुमार कांजूरमार्ग इलाके में अपने ही जिले के दो अन्य लोगों के साथ किराए के कमरे में रहता था। 26 मार्च को वह घर जाने के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। लगातार फोन बंद रहने से परिवार को अनहोनी की आशंका सताने लगी।
चार दिन बाद कुर्ला में मिला शव
30 मार्च को कुर्ला रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस और जीआरपी की जांच में शव की पहचान शैलेंद्र कुमार के रूप में हुई। शरीर पर चोट के कई निशान मिलने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
साथ रहने वाले दो लोगों पर साजिश का आरोप
मृतक की पत्नी शांति ने उस्का बाजार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके पति के साथ रहने वाले दो लोग ही उन्हें आखिरी बार साथ लेकर निकले थे, लेकिन वे दोनों सुरक्षित अपने घर लौट आए। पूछताछ में दोनों के बयान अलग-अलग होने से संदेह और बढ़ गया है। परिवार ने साजिश के तहत हत्या की आशंका जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मुंबई पुलिस और यूपी पुलिस के बीच समन्वय से जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। जीआरपी और स्थानीय पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक की आखिरी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का बयान
उसका बाजार थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है और जांच शुरू कर दी गई है। वहीं मुंबई पुलिस भी मौत के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad