Hindi News / Crime / Featured

घर-घर पहुंचे नशामुक्ति का संदेश : मंत्री लोढ़ा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति की पहली बैठक संपन्न

Article Top Ad

जिलाधिकारी आंचल गोयल, सौरभ कटियार भी रहे मौजूद
मुंबई : गोरेगांव पूर्व स्थित नेस्को परिसर में हाल ही में ड्रग्स सेवन से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया था। परिणाम स्वरूप राज्य सरकार ने नशामुक्ति अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया है। इसके लिए कैबिनेट मंत्री तथा मुंबई उपनगर जिले के सहपालकमंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है।
सोमवार को हुई समिति की पहली बैठक में पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र में वर्षभर व्यापक नशामुक्ति अभियान चलाने की रणनीति तय की गई। इस दौरान मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल, मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
26 जून को एक साथ होंगे जागरूकता कार्यक्रम
बैठक में तय किया गया कि 26 जून, अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ विरोधी दिवस के अवसर पर मुंबई शहर और उपनगरों में बड़े स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, हाउसिंग सोसायटियों, जिम, स्पोर्ट्स क्लबों और मनपा वार्ड कार्यालयों में एक ही समय पर ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
सालभर चलेगा नशामुक्ति अभियान
महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में पूरे वर्ष नशामुक्ति अभियान चलाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मंजूरी के बाद गृह विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति के अध्यक्ष स्वयं मंगल प्रभात लोढ़ा हैं। अभियान के लिए मासिक कार्यक्रमों का विस्तृत शेड्यूल भी तैयार किया गया है।
पोस्टर, शॉर्ट फिल्म और पथनाट्य से होगी जागरूकता
अभियान के अंतर्गत युवाओं और विद्यार्थियों तक संदेश पहुंचाने के लिए विभिन्न रचनात्मक माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। स्कूलों और कॉलेजों में पोस्टर, शॉर्ट फिल्म, पथनाट्य, जिंगल्स, गीत और प्रतियोगिताओं के जरिए नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज में जागरूकता बढ़ाना है। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में प्रभावी साबित होंगी।
सभी विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान
इस अभियान में महानगरपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसके अलावा अन्य सरकारी विभागों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा ताकि समाज के हर वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंच सके।
“समाज को सही दिशा देना जरूरी”
बैठक में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में राज्यभर में नशामुक्ति अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 26 जून केवल एक दिवस नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा में ले जाने की जिम्मेदारी का स्मरण कराने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए सरकार और समाज दोनों को मिलकर काम करना होगा, ताकि नशामुक्ति का संदेश हर घर तक पहुंच सके।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad