मुंबई : दहिसर इलाके में अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मृतक अपने भाई की पत्नी और आरोपी के बीच कथित प्रेम संबंधों को लेकर आरोपी को समझाने गया था, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने युवक पर बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दहिसर पुलिस के अनुसार, यह घटना 25 मई 2026 की रात करीब 11.30 बजे नचडी भैय्याजी चॉल, डोंगरी केतकी पाड़ा, दहिसर इलाके में हुई। शिकायतकर्ता महेश गौतम सुगीरे का आरोप है कि उनके छोटे भाई सागर सुगीरे अपनी भाभी और आरोपी के बीच चल रहे कथित प्रेम संबंधों को लेकर आरोपी को समझाने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पत्थर से हमला कर सीढ़ियों से नीचे फेंका
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने सागर सुगीरे के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने पत्थर से हमला किया और गंभीर रूप से घायल करने के बाद उसे पकड़कर सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया। आरोप है कि युवक के बेहोश होने के बाद भी आरोपी ने उस पर पत्थर से दोबारा हमला किया।
इलाज के दौरान नायर अस्पताल में मौत
घटना में गंभीर रूप से घायल सागर सुगीरे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान नायर अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक की उम्र 29 वर्ष बताई गई है।
हत्या का मामला दर्ज
दहिसर पुलिस ने शिकायतकर्ता महेश सुगीरे की शिकायत पर 26 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अवैध संबंधों का विवाद : समझाने आए युवक की हत्या
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad