मुंबई : एमआईडीसी पुलिस ने 60 लाख 65 हजार 656 रुपए की ज्वेलरी चोरी के फर्जी मामले का पर्दाफाश करते हुए गोल्डस्टार कंपनी के कर्मचारी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में 100 प्रतिशत चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली है।
दुर्घटना और बेहोशी की झूठी कहानी बनाई
गोल्डस्टार ज्वेलरी कंपनी की प्रतिनिधि कांचन पवार की शिकायत के अनुसार, कंपनी में कार्यरत अविनाश गंगाधर कदम (26) डिलीवरी के लिए 60,65,656 रुपए कीमत की ज्वेलरी लेकर जा रहा था। उसने दावा किया था कि रास्ते में उसकी दोपहिया वाहन का दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद वह बेहोश हो गया और इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति ज्वेलरी लेकर फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती रहने की जिद से पैदा हुआ संदेह
जांच के दौरान एमआईडीसी पुलिस (MIDC POLICE STATION) को पता चला कि कथित दुर्घटना में अविनाश को कोई चोट नहीं लगी थी, इसके बावजूद वह डॉक्टरों से तकलीफ होने की शिकायत कर अस्पताल में भर्ती रहने की जिद कर रहा था। इससे पुलिस को शक हुआ और गहन जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि अविनाश ने अपने साथी के साथ मिलकर पहले से ही ज्वेलरी हड़पने की साजिश रची थी।
सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच से खुला राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति घटना से पहले घटनास्थल के आसपास काफी समय तक घूमता हुआ नजर आया। उसकी पहचान मनोज हनमंत जोगदंड (41) के रूप में हुई. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर अविनाश और मनोज ने आपस में मित्र होने तथा पूर्व नियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, पूरी ज्वेलरी बरामद
एमआईडीसी पुलिस ने दोनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गबन की गई पूरी 60 लाख 65 हजार 656 रुपए कीमत की ज्वेलरी भी बरामद कर ली गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग) डॉ. अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावड़े तथा सहायक पुलिस आयुक्त गजानन पवार के मार्गदर्शन में की गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र वाणी और पुलिस निरीक्षक (अपराध) महेश गुरव के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में पुलिस उपनिरीक्षक किरण पर्बत सहित एमआईडीसी पुलिस की टीम ने इस मामले का सफल खुलासा किया।
60 लाख की ज्वेलरी चोरी का फर्जीवाडा : गोल्डस्टार कंपनी का कर्मचारी गिरफ्तार
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad