Hindi News / Crime / Featured

जीएसटी नंबर दिलाने के नाम पर लिए 10 हजार : राज्य कर निरीक्षक रिश्वतखोरी में गिरफ्तार

Article Top Ad

मुंबई : जीएसटी नंबर दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने वाले राज्य कर निरीक्षक को मुंबई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी और शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर उसे रिश्वत स्वीकार करते हुए पकड़ लिया।
जीएसटी नंबर के लिए मांगी थी रिश्वत
एसीबी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, शिकायतकर्ता ने जीएसटी नंबर प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन लंबित होने के दौरान वस्तु एवं सेवा कर विभाग (जीएसटी), नोडल-7, मझगांव, मुंबई में कार्यरत राज्यकर निरीक्षक संदीप रविराज खलाटे ने जीएसटी नंबर दिलाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत के बाद एसीबी ने की जांच
रिश्वत नहीं देने की इच्छा होने पर शिकायतकर्ता ने 17 जून 2026 को मुंबई एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 17 जून को ही शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और उसे स्वीकार करने की सहमति की पुष्टि हुई।
जाल बिछाकर रंगेहाथ किया गिरफ्तार
सत्यापन के बाद 19 जून 2026 को एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी संदीप रविराज खलाटे को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नागरिकों से एसीबी की अपील
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी अपने वैधानिक कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल एसीबी से करें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad