Hindi News / Crime / Featured

नाबालिग को झांसा देकर सोने की चेन चुराई : खार पुलिस ने शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार

Article Top Ad

मुंबई: खार इलाके में एक नाबालिग लड़के को झांसा देकर उसकी सोने की चेन चुराने वाले शातिर अपराधी को खार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया है। इसी वजह से यह मामला अब पुलिस की कार्रवाई और 100 प्रतिशत रिकवरी के कारण चर्चा में है।
नाबालिग को ले गया सुनसान जगह
पुलिस के अनुसार, यह घटना 25 मई 2026 को सुबह करीब 11.30 बजे खारदांडा क्षेत्र में हुई थी। शिकायतकर्ता और उसका मित्र यश वहां खड़े थे, तभी आरोपी उनके पास पहुंचा। आरोपी ने खुद को एयरटेल कंपनी से जुड़ा बताकर 800 रुपए देने का लालच दिया और दोनों को खार स्थित खाला मैदान के पास बस स्टॉप के पीछे ले गया।
वहां आरोपी ने नाबालिग के गले में सोने का बैट (पेंडेंट) लगाने का बहाना बनाया और उसकी करीब 10 ग्राम वजन की, लगभग 50 हजार रुपए मूल्य की सोने की चेन उतरवाने के लिए मजबूर किया। चेन हाथ में लेते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना से गिरफ्तारी
मामले में खार पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 674/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त मुखबिरों की मदद से आरोपी का पता लगाया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी धारावी के टाटा पावर हाउस क्षेत्र में आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे हिरासत में ले लिया।
आरोपी ने कबूला अपराध
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज विक्रम बनसोडे उर्फ सूर्या उर्फ राजेश (38) निवासी आंबेडकर रोड, माटुंगा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे 23 जून 2026 को शाम 5.01 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मामले में चोरी गई सोने की चेन की 100 प्रतिशत रिकवरी कर ली गई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच खार पुलिस कर रही है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad